MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज रविवार को इंदौर और भिंड जिले के दौरे पर रहेंगे। जहां वे कई कार्यक्रम में भाग लेंगे। सीएम एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही आज लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त भी जारी करेंगे। वे करोड़ों के विकास कार्यों की भी सौगात देंगे।

CM के आज के कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम डॉ मोहन यादव सुबह 10:15 बजे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे। इंदौर में एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1:05 बजे इंदौर से भिंड जाएंगे। भिंड के लहार में लाडली बहना कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री लहार से लाडली बहन योजना की 38वीं किस्त जारी करेंगे। 1 करोड़ 25 लाख के करीब महिलाओं को सिंगल क्लिक के जरिये खातों में 1500 रुपये ट्रांसफर करेंगे। 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ की राशि भेजेंगे।

भोपाल में प्रतिभा सम्मान समारोह

इसके अलावा सीएम लहार क्षेत्र के लिए करीब 700 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री भिंड के मेहगांव में ददरोआ धाम भी जाएंगे। जहां वे भगवान हनुमान के प्राचीन मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद शाम को 5:55 बजे ग्वालियर से भोपाल के लिए रवाना होंगे। भोपाल में 6:55 बजे रविंद्र भवन पहुंचकर प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होंगे।

दतिया के दंगल में उतरेंगे दिग्गज

13 जुलाई को बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेता दतिया पहुंचेंगे। जहां वे अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशी का नामांकन फॉर्म दाखिल करवाएंगे। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सोमवार को नामांकन करेंगे। वे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के साथ नामांकन करने पहुंचेंगे।

राजधानी में UCC को लेकर होगी बैठक

मध्य प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर आज राजधानी भोपाल में बैठक होगी। यह मीटिंग कोहेफिजा स्थित मेजबान शादी हॉल में दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिसमें यूसीसी के प्रस्तावित स्वरूप, उसके संवैधानिक, कानूनी और सामाजिक प्रभावों पर चर्चा होगी। इस बैठक में विभिन्न मुस्लिम संगठनों, उलेमा, अधिवक्ताओं, बुद्धिजीवियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

खंडवा में 4 घंटे बिजली सप्लाई रहेगी बंद

खंडवा शहर में आज कई क्षेत्रों में चार घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी। 11 केवी खंडेलवाल फीडर पर जरूरी मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 7 बजे से 11 बजे तक प्रिशा इंजीनियरिंग, करबला, सिंगाजी कुआं, चमारवाड़ी, मुंशीराम एंड संस, महिंद्रा वर्कशॉप, गोयल उद्योग, जेके फर्नीचर, पार्श्वनाथ इंटरप्राइजेज, एंटीक स्टोर क्षेत्र, दादाजी वेयरहाउस, विजय दाल मिल (कोरगला रोड), सपना स्टील, छवि इंटरप्राइजेज, ज्योति इंडस्ट्रीज, कश्मीर आइस, शाह वेयरहाउस, अजय एग्रो, विनय एग्रो और निर्बान पॉलिमर समेत आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m