० 26 जुलाई को रांची में 135वें डूरंड कप के उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि बनने का न्योता
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को डूरंड कप-2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अधिकारियों और भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-23 आईबीजी मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा तथा सहायक नोडल अधिकारी मेजर आनंद प्रकाश उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को 26 जुलाई 2026 से रांची में शुरू होने वाले 135वें डूरंड कप-2026 के उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण सौंपा। इस दौरान टूर्नामेंट के सफल आयोजन और तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
गौरतलब है कि डूरंड कप देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में से एक है। इसके 135वें संस्करण का आयोजन इस वर्ष भी रांची में किया जा रहा है, जिसमें देश की कई प्रमुख फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट के आयोजन से झारखंड में खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


