रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र से पहले बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में JPSC-JSSC छात्र आंदोलन का मुद्दा प्रमुखता से उठा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है, जांच जारी है और कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। उन्होंने छात्रों से सीधे सरकार से संवाद करने की अपील की।

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के मौजूदा राजनीतिक मुद्दों के साथ JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन पर भी चर्चा हुई।


सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है
बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल को भी वर्तमान स्थिति से अवगत करा दिया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, मामले की जांच जारी है और अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं और सरकार जल्द ही इस दिशा में ठोस निर्णय लेने का प्रयास कर रही है।

“सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं”

छात्र आंदोलन और सरकार के प्रतिनिधियों की आंदोलनकारियों से संभावित मुलाकात के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें सीधे सरकार तक पहुंच रही हैं और सरकार हर पक्ष की बात गंभीरता से सुन रही है।

मुख्यमंत्री ने आंदोलनरत छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मुद्दों को लेकर सीधे सरकार से बातचीत कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं अन्य राज्यों में भी सामने आई हैं और आवश्यकता पड़ने पर सभी पहलुओं पर विचार किया जाएगा।

हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री से अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है, लेकिन जरूरत पड़ने पर उस विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है।