भुवनेश्वर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान अपने चरम पर है। इसी कड़ी में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतरे हैं। भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में माझी ओडिया बहुल क्षेत्रों में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने और पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए एक ‘मैराथन कैंपेन’ कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी बागदा निर्वाचन क्षेत्र में एक विशाल रोड शो का नेतृत्व करेंगे। इस रोड शो के जरिए वे भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन करेंगे और स्थानीय जनता से वोट की अपील करेंगे। बागदा और उसके आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री राजाराहाट में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर कोलकाता और औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ओडिया भाषी लोग निवास करते हैं। मुख्यमंत्री माझी इन ओडिया प्रवासियों के साथ सीधा संवाद करेंगे। वे उन्हें भाजपा की नीतियों और ओडिशा में हुए परिवर्तनों के बारे में जानकारी देंगे, साथ ही भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए ‘गुरुमंत्र’ भी देंगे।
पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, सोमवार शाम को दूसरे चरण के लिए प्रचार का शोर थम जाएगा। इस चरण में कुल 142 सीटों पर मतदान होना है, जो सत्ता की चाबी हासिल करने के लिए बेहद निर्णायक मानी जा रही हैं।
यही कारण है कि भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री मोहन माझी के दौरे से पहले, रविवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रोड शो के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। भाजपा नेतृत्व को भरोसा है कि मुख्यमंत्री माझी के आने से न केवल ओडिया वोटरों का झुकाव भाजपा की ओर बढ़ेगा, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल भी ऊंचा होगा।

