भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बड़े भाई दीनबंधु माझी (65 वर्ष) का बुधवार सुबह भुवनेश्वर में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। इस खबर के बाद मुख्यमंत्री आवास और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह दीनबंधु माझी ने अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत की। हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें तुरंत भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल लेकर आए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें ‘मृत घोषित’ कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी मृत्यु दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई है।
दीनबंधु माझी भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी इलाके में स्थित एक सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए इसी आवास पर रखा गया है। खबर मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन माझी के रिश्तेदार, राजनीतिक नेता, प्रशासनिक अधिकारी और शुभचिंतक उनके अंतिम दर्शन करने और शोक संतप्त परिवार को हौसला देने पहुंच रहे हैं। उनके अंतिम संस्कार और अंतिम अनुष्ठान से जुड़ी विस्तृत जानकारी का अभी इंतजार है।
मुख्यमंत्री के बड़े भाई दीनबंधु माझी राजनीति से दूर रहते थे, और उन्हें एक बेहद सरल और सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। इस अपूरणीय क्षति पर राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

