भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्कूली पाठ्यपुस्तकों में सामने आई गंभीर त्रुटियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित

बुधवार को लोक सेवा भवन में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय हाई-लेवल कमेटी के गठन का आदेश दिया। इस कमेटी की अध्यक्षता राज्य के विकास आयुक्त करेंगे। सीएम ने कमेटी को बेहद सख्त समय सीमा देते हुए सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के साथ स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड, मुख्य सचिव अनु गर्ग, विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

पूरे मामले की बारीक समीक्षा करने के बाद, मुख्यमंत्री माझी ने निर्देश दिया कि किताबों में मौजूद सभी गलतियों को बिना किसी देरी के तुरंत सुधारा जाए। “नवनिर्मित कमेटी न सिर्फ गलतियों की जांच करेगी, बल्कि उन अधिकारियों और एजेंसियों की भी पहचान करेगी जो इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार हैं। रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार के इस सख्त रुख से साफ है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m