भोपाल। प्रकाश और आस्था के महापर्व दीपावली के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने शासकीय निवास पर विधि-विधान से माता महालक्ष्मी और विघ्नहर्ता श्री गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।

पारंपरिक श्लोक- ‘दीपज्योतिः परब्रह्म दीपज्योतिर्जनार्दनः, दीपो हरतु मे पापं दीपज्योतिर्नमोऽस्तु ते’ के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और मानवता की स्थापना का प्रतीक है, जो सदियों से विजय और आनंद उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। दीपक की छोटी-सी लौ का जिक्र करते हुए उन्होंने संदेश दिया कि यह हमें घनघोर अंधकार से संघर्ष करते हुए हर कठिनाई से पार पाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

प्रधानमंत्री के बस्तर आगमन और नक्सलवाद मुक्ति पर बयान

दीपावली के इस पावन पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर आगमन को गौरव का विषय बताते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि नक्सलवाद के कारण लंबे समय तक अनेक परिवारों के जीवन में अंधकार और कष्ट का दौर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मध्य प्रदेश के डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जैसे जिले भी वर्षों तक नक्सलवाद का दंश झेलते रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में अब मध्य प्रदेश नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो चुका है। यह प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि और विजय का अवसर है।

विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे नक्सल प्रभावित क्षेत्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सरकार का संकल्प दोहराते हुए कहा कि अब नक्सलवाद से प्रभावित रहे इन क्षेत्रों में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। इन अंचलों को प्रदेश के अन्य विकसित क्षेत्रों के समान विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। इन क्षेत्रों में सभी प्रकार की विकास गतिविधियां अब सुचारु रूप से संचालित होंगी, ताकि वहां के नागरिक भी देश और प्रदेश की प्रगति यात्रा में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m