राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के तेवर को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. महोन यादव ने प्रदेशवासियों से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने एक आधिकारिक बयान जारी कर नागरिकों से गर्मी और लू (Heat Wave) से बचाव के लिए सभी आवश्यक उपाय अपनाने का आग्रह किया है।

स्वयं को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी- CM

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्रीष्मकाल के दौरान प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ा है, जिससे आम जनजीवन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से सलाह दी है कि बच्चों के साथ-साथ बड़े बुजुर्ग भी स्वयं को हाइड्रेटेड बनाए रखें। इसके लिए उन्होंने अपील की कि जब भी कोई घर से बाहर निकले, तो अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखे।

मटके रखने वाले सेवाभावी नागरिकों की सराहना

इस भीषण गर्मी के दौर में समाज में दिख रही संवेदनशीलता की भी मुख्यमंत्री ने जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस चिलचिलाती धूप में राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए जो सेवाभावी नागरिक अपने घरों और दुकानों के बाहर मटके में ठंडे पेयजल की व्यवस्था कर रहे हैं, उनका यह कार्य बेहद सराहनीय और अनुकरणीय है।

सामाजिक संस्थाओं को साधुवाद- CM

मुख्यमंत्री ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों व आम लोगों को पानी पिलाने का काम कर रही सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस नेक और पुनीत कार्य के लिए सभी संस्थाएं साधुवाद की पात्र हैं।

भीषण गर्मी और लू का सितम

नौतपा के तीसरे दिन भी भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) का सितम जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में सूरज की तपिश इस कदर बढ़ गई है कि मप्र के शहरों ने राजस्थान के चूरू और जैसलमेर को भी पीछे छोड़ दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, खजुराहो और नौगांव में पारा 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ये इलाके भट्टी की तरह तप रहे हैं।

सबसे गर्म शहरों की सूची में प्रदेश के 12 शहर

लगातार बढ़ती इस भीषण गर्मी के बीच देश के 40 सबसे गर्म शहरों की सूची में मध्य प्रदेश के 12 शहर शामिल रहे हैं। वहीं राजधानी भोपाल में भी तापमान 43.6 डिग्री तक पहुंच गया है।

इन जिलों में ‘लू’ का रेड अलर्ट, घरों में रहने की सलाह

मौसम केंद्र ने प्रदेश के आधे हिस्से में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में तीव्र लू (Severe Heat Wave) का रेड अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल संभाग, बुंदेलखंड, विंध्य और महाकौशल के इलाकों में भी तेज लू चलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m