कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस विभाग और विशेष रूप से थाना प्रभारियों का मनोबल बढ़ाते हुए बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई थाना प्रभारी संकल्प लेकर अपने क्षेत्र में काम करे तो वह अपने क्षेत्र की तस्वीर बदल सकता है। यही उनकी प्रदेश के सभी थाना प्रभारियों से अपेक्षा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल बड़ी वारदातों तक सीमित नहीं है। गली और मोहल्ले की छोटी घटनाओं से लेकर नशा माफिया, संगठित अपराध और राष्ट्रविरोधी ताकतों तक, यदि थाना प्रभारी संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम करें तो कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।
‘अपराधी को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने की व्यवस्था सरकार ने की’
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपराध करेगा तो उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था सरकार ने कर रखी है। अपराधी चाहे कितना भी बड़ा या शातिर क्यों न हो, यदि पुलिस पूरी गंभीरता और संकल्प के साथ कार्रवाई करे तो वह कानून से बच नहीं सकता।
उन्होंने कहा कि अपराधी को कानून के दायरे में आना ही पड़ेगा और उसे अपने अपराध की सजा भी भुगतनी होगी। सरकार कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता करने के पक्ष में नहीं है।
‘कानून व्यवस्था सरकार की पहली प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सरकार की पहली प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार इसके लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने साफ कहा कि हरियाणा में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधियों की सही जगह केवल जेल है और सरकार किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शने के लिए तैयार नहीं है।
थाना प्रभारी बदल सकता है पूरे क्षेत्र की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने पुलिस थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियों को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि एक थाना प्रभारी का कार्यक्षेत्र और दायरा बहुत बड़ा होता है। उसके पास अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है।
यदि थाना प्रभारी अपने दायित्व को केवल नौकरी के तौर पर नहीं, बल्कि संकल्प और जिम्मेदारी के साथ निभाए तो वह अपने क्षेत्र में अपराध की तस्वीर बदल सकता है। छोटे अपराधों पर समय रहते कार्रवाई करने से बड़े अपराधों को भी रोका जा सकता है।
पुलिस का मनोबल बढ़ाने वाला संदेश
हरियाणा में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह संदेश पुलिस विभाग के लिए मनोबल बढ़ाने वाला माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जिस तरह थाना प्रभारियों को सीधे तौर पर संकल्प लेकर काम करने का संदेश दिया है, उससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में भी अपराध के खिलाफ और अधिक मजबूती से कार्रवाई करने का उत्साह बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि अपराधी चाहे कितना भी बड़ा, प्रभावशाली या शातिर क्यों न हो, यदि पुलिस इच्छाशक्ति के साथ काम करे तो वह कानून के शिकंजे से नहीं बच सकता। सरकार की मंशा साफ है कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं होगा।
- दिवाली के अगले दिन सूप क्यों पीटती हैं महिलाएं? जानिए लक्ष्मी की बहन से जुड़ी मान्यता…
- Agnipath Scheme: पहले बैच के अग्निवीरों को मिल सकता है सेवा विस्तार, 21 नवंबर से पहले सरकार ले सकती है बड़ा फैसला
- 5 दिवसीय दीपोत्सव : धनतेरस से भाई दूज तक जानिए हर दिन का शुभ मुहूर्त, लक्ष्मी पूजा और चोपड़ा पूजन का समय…
- दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर से जोरदार भिड़ंत के बाद बस के उड़े परखच्चे, मासूम की मौत और 16 घायल
- Motorola Edge 70 Pro पर 30 हजार रुपये की छूट! Flipkart Sale में इतने कम में खरीदने का मौका

