मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के जिला अस्पतालों में एमआरआई, सीटी स्कैन और मुफ्त डायलिसिस जैसी गंभीर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की बड़ी घोषणा की है। सरकार ने इस बार प्रदेश के स्वास्थ्य बजट में रिकॉर्ड 32.89 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी की है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ा बदलाव शुरू होने जा रहा है। अब इलाज के लिए बड़े शहरों के चक्कर कम लग सकते हैं, क्योंकि सरकार ने जिला अस्पतालों तक हाई-एंड सुविधाएं पहुंचाने की तैयारी तेज कर दी है। पंचकूला में हुए एक बड़े कार्यक्रम में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

दरअसल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में 100 करोड़ रुपये से अधिक की 9 बड़ी स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने 30 स्वास्थ्य संस्थानों का उद्घाटन, 16 नए संस्थानों का शिलान्यास, जिला अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन सेवाओं का विस्तार, महिला क्लिनिक, टेली-ईसीजी सेवा और मुफ्त डायलिसिस जैसी सुविधाओं की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर जिला अस्पताल को शहर का सबसे बेहतर अस्पताल बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 18 जिलों में सीटी स्कैन सेवाएं उपलब्ध हैं, जबकि 7 जिलों में एमआरआई सुविधा शुरू हो चुकी है। आने वाले समय में हर जिले में हाई-एंड जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके अलावा 22 जिला अस्पतालों में डे-केयर कैंसर सेंटर शुरू किए जा चुके हैं, जिससे मरीजों को अपने ही जिले में इलाज मिल सकेगा।

नायब सिंह सैनी ने बताया कि पिछले वर्ष 777 मेडिकल ऑफिसर्स की भर्ती पूरी की जा चुकी है और 450 डॉक्टरों की भर्ती अंतिम चरण में है। स्वास्थ्य बजट में इस बार 32.89 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए 14 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए नई एडवांस और बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भी खरीदी जाएंगी।