कुंदन कुमार, पटना। राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पहला बयान सामने आया है। सीएम नीतीश राज्यसभा जा रहे हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद दी है। सीएम ने आज गुरुवार (5 मार्च) को सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए लिखा कि, संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं।
नीतीश ने बिहार की राजनीति को कहा अलविदा
सीएम नीतीश ने अपने पोस्ट में लिखा- पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है. आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा- संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा, जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार आज ही गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे। इस संकेत के बाद बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है। गौरतलब है कि बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है, जिसके लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है।
- बीजेपी से नितिन नबीन और शिवेश राम करेंगे नामांकन
- जदयू से रामनाथ ठाकुर और नीतीश कुमार करेंगे नामांकन
- एनडीए से उपेंद्र कुशवाहा होंगे उम्मीदवार
- महागठबंधन ने अजय धारी सिंह को बनाया है अपना उम्मीदवार
बीजेपी से होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री
सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। खबरों की मानें तो बीजेपी से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन सकते हैं। वहीं, निशांत कुमार को राज्य का डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। इसके अलावा खबर यह भी है कि हमेशा की तरह बीजेपी इस बार भी मुख्यमंत्री पद के लिए नया नाम लाकर सभी को चौंका सकती है।
ये भी पढ़ें- 4 साल की मासूम को काल बनकर आई कार ने रौंदा, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, भीड़ ने चार पहिया वाहन को किया चकनाचूर
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

