मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री के रूप में पांच साल पूर्ण होने के अवसर पर उत्तरकाशी स्थित श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के नाम से संकल्प लेकर विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन के साथ-साथ उत्तराखण्ड की निरंतर प्रगति, समृद्धि तथा जनकल्याण के कार्यों को नई गति मिलने की कामना की गई.

कार्यक्रम के अंतर्गत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक, मां शक्ति का पाठ और हवन-पूजन संपन्न हुआ. श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, विकास तथा जनकल्याण के लिए प्रार्थना की.

इसे भी पढ़ें : भीमताल पहुंचे सीएम धामी : कहा- “युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें”

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने बीते पांच वर्षों में सेवा, सुशासन एवं विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित की हैं. समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने, देश का सबसे कठोर नकलरोधी कानून लागू करने, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, पारदर्शी भर्ती प्रणाली के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान करने, निवेश एवं आधारभूत संरचना के विस्तार, मातृशक्ति के सशक्तिकरण और सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास जैसे अनेक जनहितकारी एवं दूरदर्शी निर्णयों ने उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है.