मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ‘नशा मुक्त पंजाब, नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के साथ पंजाब पहुंचे. होशियारपुर के मुकेरियां में विशाल रोड शो में शामिल होकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंजाब की जनता, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ने का आह्वान किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को प्रभावित करता है. युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, राष्ट्र निर्माण में लगे, इसी संकल्प के साथ नशा मुक्त पंजाब से नशा मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ना है.

इसे भी पढ़ें : धामों की सफाई से सड़कों तक फोकस, उत्तरकाशी में मुख्य सचिव ने तय की 15 अक्टूबर की डेडलाइन

सीएम धामी ने कहा कि पंजाब की जनता ने जिस भरोसे के साथ आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, उस भरोसे के साथ खिलवाड़ हुआ है. आज प्रदेश में नशे की समस्या गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है. नशे की गिरफ्त में फंसकर पंजाब के युवा अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, वहीं माता-पिता की वर्षों की मेहनत और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सपने भी टूट रहे हैं.

सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है. पंजाब में भी यदि भाजपा की सरकार बनती है तो नशे के कारोबार के खिलाफ कठोर कार्रवाई, तस्करों पर शिकंजा और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी प्रयासों को और गति दी जाएगी.