दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के 76वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित 108 कुंडीय यज्ञ में शामिल हुईं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद इसे लेकर दिल्ली की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास (Saurav Das) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के यज्ञ कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने पर सवाल उठाते हुए निशाना साधा। सौरव दास ने इस आयोजन और मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर अपनी आपत्ति जाहिर की है।
सीजेपी नेता सौरव दास ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के 108 कुंडीय यज्ञ में शामिल होने को लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “हम लोगों ने इन्हें ये ड्रामा करने के लिए चुना है? क्या हमने इन मुख्यमंत्री को पीएम मोदी के जन्मदिन पर किसी अहंकारी की तरह हवन करने के लिए चुना है?” सौरव दास ने आगे सवाल किया, “किस दूसरे देश में ऐसे दृश्य देखने को मिलते हैं?”
सत्य निकेतन हादसे पर सीएम को घेरा
सत्य निकेतन हादसे को लेकर सौरव दास ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सत्य निकेतन की घटना अभी भी लोगों के मन में ताजा है। क्या सीएम रेखा ने उन छात्रों के परिवारों के लिए शांति हवन किया है?” उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत के निर्माण के मामले में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने त्यागराज स्टेडियम में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडीय यज्ञ में भी भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के लिए ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत भी की।
सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजधानी नई गति, नए सामर्थ्य और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री जी, मां भारती की सेवा के प्रति आपका समर्पण और राष्ट्र को निरंतर आगे ले जाने का आपका संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणा है।” उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए बाबा काशी विश्वनाथ के आशीर्वाद की कामना करते हुए समस्त दिल्लीवासियों की ओर से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
प्रधानमंत्री मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 साल पूरे करने के अवसर पर भाजपा और दिल्ली सरकार की ओर से राजधानी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



