CM रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने राजधानी के 13 जिलों के लिए ‘मोबाइल हीट रिलीफ’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य लोगों को तेज धूप और लू से राहत पहुंचाना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों से गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने खासतौर पर निर्माण स्थलों, सड़कों और खुले इलाकों में काम करने वाले मजदूरों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और कहा कि भीषण गर्मी में काम करने वालों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘हीटवेव एक्शन प्लान’ बुकलेट भी जारी की। इस बुकलेट में बढ़ते तापमान के दौरान लोगों को सुरक्षित रखने, हीट स्ट्रोक से बचाव, प्राथमिक उपचार और जागरूकता बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई है। सरकार के अनुसार मोबाइल हीट रिलीफ वैन के जरिए लोगों को पीने का पानी, ORS, प्राथमिक चिकित्सा और गर्मी से बचाव संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। यह वैन शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाएंगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना के तहत लोगों को ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) के पैकेट, टोपियां, गमछे, फर्स्ट एड किट और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी अन्य सामान वितरित किए जा रहे हैं। खासतौर पर मजदूरों, रिक्शा चालकों, डिलीवरी कर्मचारियों और खुले में काम करने वाले लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीएम ने यह भी कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग 112 हेल्पलाइन नंबर के जरिए मोबाइल राहत यूनिट्स की सहायता प्राप्त कर सकते हैं। ये मोबाइल यूनिट्स जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर प्राथमिक चिकित्सा, पानी और जरूरी सहायता उपलब्ध कराएंगी।

सीएम गुप्ता ने मजदूरों को लेकर जताई खास चिंता

दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को खासतौर पर उन मजदूरों की चिंता है जिन्हें तेज धूप और गर्मी के बीच बाहर काम करना पड़ता है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “हमें खासतौर पर उन मजदूरों की चिंता है जिन्हें बाहर काम करना पड़ता है और गर्मी का सामना करना पड़ता है।” उन्होंने बताया कि सरकार ने सभी सरकारी और निजी संस्थानों को दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे के बीच काम से ब्रेक देने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि लोग लू और अत्यधिक तापमान के खतरे से बच सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्कूल प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाने यानी रीहाइड्रेशन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। सीएम के मुताबिक अस्पतालों में जरूरी दवाओं, बेड और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि हीटवेव से प्रभावित लोगों को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सके।

ये सुविधाएं मिलेंगी ‘मोबाइल हीट रिलीफ’ वैन में

सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं में ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, ORS के पैकेट वितरित किए जाएंगे, प्राथमिक उपचार (First Aid) की सुविधा मिलेगी, लू और तेज धूप से बचाव के लिए कॉटन के गमछे और कैप दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि हीटवेव से बचाव और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘हीट एक्शन प्लान’ बुकलेट भी जारी की गई है। इसमें गर्मी से बचने के उपाय, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां और आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई है। सीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में अपने और अपने परिवार का विशेष ध्यान रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m