मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र और पीतमपुरा में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पार्कों के सौंदर्यीकरण, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, सीवरेज प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई से जुड़े बुनियादी ढांचे और तकनीकी शिक्षा संस्थानों में चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के हर क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित बीडी-एफडी पार्क में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान पार्क में लगाए गए 93 नए इलेक्ट्रिक पोल और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के सार्वजनिक पार्कों को अधिक सुरक्षित, सुंदर और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शहर के पार्क केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र बढ़ाने और नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। बेहतर पार्क लोगों को स्वच्छ वातावरण, खुला स्थान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्कों के रखरखाव, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राजधानी में आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग क्षेत्र में वर्षा जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग (PWD) और दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करना और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। लोकार्पित परियोजनाओं में डीटी मॉल से सीए ब्लॉक तक दोनों ओर प्रीकास्ट ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण, सीए ब्लॉक से शालीमार विलेज चौक अंडरपास, रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) से जीटी करनाल रोड (आजादपुर मंडी गेट) तक तथा शालीमार चौक से डीए ब्लॉक तक आधुनिक जल निकासी प्रणाली का निर्माण शामिल है।
शालीमार गांव, सहीपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त सीवेज पंपिंग स्टेशन और उससे जुड़ी डिलीवरी लाइन का लोकार्पण किया। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों को जलभराव और सीवरेज संबंधी परेशानियों से स्थायी राहत दिलाने के लिए आधुनिक एवं मजबूत आधारभूत ढांचे का विकास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी परियोजनाओं का प्रभावी संचालन और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एनपी ब्लॉक डिस्पेंसरी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
CM रेखा गुप्ता ने किया मुनक नहर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिंघलपुर स्थित मुनक नहर का निरीक्षण कर सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नहर में जल प्रवाह, रखरखाव, सफाई व्यवस्था और जल संरक्षण संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुनक नहर सहित सभी प्रमुख नहरों और जल स्रोतों की नियमित सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि जल प्रवाह सुचारु बना रहे और जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए दीर्घकालिक एवं प्रभावी उपायों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डीएसईयू (Delhi Skill and Entrepreneurship University) के कस्तूरबा, पीतमपुरा परिसर का निरीक्षण कर संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाओं, प्रशिक्षण अवसंरचना और विद्यार्थियों के लिए संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और संस्थान के प्रतिनिधियों से प्रशिक्षण व्यवस्था तथा रोजगारोन्मुख शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीकी और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार निवेश कर रही है, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नई परियोजनाओं का उद्घाटन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक योजना का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवार निरीक्षण के माध्यम से विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं, आधुनिक सार्वजनिक सेवाएं तथा स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

