सत्यपाल सिंह राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में समाज के भवन निर्माण के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की.
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि मुझे आपके बीच आकर प्रसन्नता हुई है. शपथ लेने वाले प्रदेश अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी, कार्यकारी अध्यक्ष थान सिंह दीवान, महासचिव शिवकुमार कवंर, कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह कवंर एवं अन्य पदाधिकारियों को खूब बधाई.

उन्होंने कहा कि पूरे देश में कंवर समाज आज एकजुट हो रहा है. हमारे पूर्वजों का प्रयास है. सभी एकजुट हो रहे हैं. मैं सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से आशा करता हूं कि वे समाज को तेज गति से आगे बढ़ाने का काम करेंगे. किसी भी तरह से हमारे समाज का विकास ना रुके, इसके लिए विशेष योजना संचालित है.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में समाज के भवन के लिए 70 लाख, राजनांदगाँव के लिए 25 लाख, टीमोरा के लिए 10 लाख, खैरझीटी के लिए 10 लाख, नरकोरा महासमुंद के लिए 10 लाख, झलफ खल्लारी के लिए 20 लाख और गरियाबंद में भवन के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की.
कार्यक्रम के अध्यक्षता कर रहे नंद कुमार साय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के उन्नति के लिए इस समाज को सभी प्रकार से ऊपर उठाना है, चाहे वह राजनीतिक हो, सामाजिक हो या आर्थिक, सभी दृष्टि से. समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित हो, इस पर काम करना है.
उन्होंने कहा कि पहले मैं ही कहता रहा कि समाज से मुख्यमंत्री होना चाहिए. परिणाम यह हुआ आज इस प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए है. इससे समाज की जिम्मेदारी अब ज़्यादा बढ़ गई है. प्रदेश में 42 जनजातियाँ है, इन सारी समाज की उन्नति, शिक्षा के लिए काम सरकार कर रही है. लेकिन ये हमारी भी जिम्मेदारी है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

