चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को हरियाणा के लाखों लाभार्थियों को बड़ी आर्थिक सौगात दी। सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 50 लाख 28 हजार 208 पात्र लोगों के बैंक खातों में सीधे 1,890 करोड़ 16 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इस रकम में महिलाओं की लाडो लक्ष्मी योजना की किस्त, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दयालु योजना की सहायता, गैस सब्सिडी और किसानों की भावांतर भरपाई शामिल है।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा निवास में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त भी जारी कर दी गई है। इसके तहत 10 लाख 10 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपये पहुंचे हैं। इस योजना में अब तक 11 किस्तों के जरिए कुल 2,254 करोड़ 47 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा भी बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक 17 सितंबर से 1 लाख 80 हजार रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को भी योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। चालू वित्त वर्ष के बजट में इस योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
35 लाख से ज्यादा लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन
सबसे बड़ी रकम सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में जारी हुई है। अलग-अलग 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 6 हजार 841 लाभार्थियों के खातों में 1,129 करोड़ 5 लाख रुपये सीधे भेजे गए। इसमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता समेत दूसरी सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पेंशन व्यवस्था में बदलाव करते हुए प्रो-एक्टिव मॉडल अपनाया है। परिवार पहचान पत्र के डेटाबेस के आधार पर पात्रता तय की जाती है और पात्र नागरिकों को अलग से आवेदन करने या सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। पात्र लोगों को सीधे उनके खातों में भुगतान किया जा रहा है।
दयालु योजना से 4,520 परिवारों को सहायता
दयालु योजना के तहत भी आज बड़ी राशि जारी की गई। 4,520 परिवारों को 168 करोड़ 13 लाख 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। इनमें दयालु योजना-2 के 70 परिवार भी शामिल हैं।
आज के भुगतान के बाद इस योजना के तहत अब तक 89 हजार 56 परिवारों को 3,320 करोड़ 61 लाख 21 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जा चुकी है।
5 लाख बहनों को गैस सब्सिडी
सरकार ने ‘हर घर-हर गृहिणी योजना’ के तहत भी महिलाओं के खातों में सब्सिडी भेजी है। जुलाई में गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 5 लाख बहनों को कुल 19 करोड़ 68 लाख रुपये की गैस सब्सिडी ट्रांसफर की गई।
इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। आज की राशि को जोड़ने के बाद अब तक 14 लाख 65 हजार पात्र महिलाओं के खातों में 359 करोड़ 82 लाख रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
किसानों के खातों में भी पहुंची भावांतर भरपाई
सरकार ने आलू, फूलगोभी और शहद उत्पादक किसानों को भी भावांतर भरपाई की राशि जारी की। 6,177 किसानों को कुल 49 करोड़ 89 लाख रुपये दिए गए हैं। इसमें आलू के 6,012 किसानों को 48 करोड़ 9 लाख रुपये, फूलगोभी के 99 किसानों को 46 लाख 76 हजार रुपये और शहद उत्पादन से जुड़े 66 किसानों को 1 करोड़ 32 लाख 73 हजार रुपये शामिल हैं।
आलू की भरपाई अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, यमुनानगर और पंचकूला के किसानों को दी गई है। फूलगोभी के लिए अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के किसान पात्र रहे, जबकि शहद की राशि प्रदेश के विभिन्न जिलों के मधुमक्खी पालकों को जारी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की किस्त के बाद भावांतर भरपाई योजना के तहत अब तक 45 हजार 764 किसानों को 246 करोड़ 95 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे, पारदर्शी और तय समय में पहुंचे।
- युवाओं को साधने का मास्टरस्ट्रोक? ‘आउटसोर्स व्यवस्था खत्म होगी, सबको मिलेगी पक्की नौकरी’, 2027 से पहले अखिलेश का बड़ा ऐलान
- अमृतसर में बैंक लूट की कोशिश नाकाम, स्प्रे लेकर पहुंचे 5 नकाबपोश; गार्ड को देखते ही भागे बदमाश
- बिहार कांग्रेस में बगावत पर बड़ा एक्शन, प्रदर्शन में शामिल 29 नेताओं को थमाया गया कारण बताओ नोटिस
- गेट बाजार फ्लाईओवर निर्माण पर बढ़ा विवाद: सांसद प्रदीप पाणिग्रही के पत्र के बाद जांच के आदेश
- पंचकूला में रात के अंधेरे में खैर के पेड़ों की कटाई, 13 तस्करों पर FIR



