Baaghi Kumar Verma Death: राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा का निधन हो गया है। कल सोमवार की देर रात दिल्ली एम्स में उन्होंने अंतिम सांस ली। लंबे समय तक उनके निजी सहायक रहे जयंत बाबू ने बागी कुमार वर्मा के निधन की पुष्टि की। बागी कुमार वर्मा के निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई। सीएम सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत अन्य कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।

CM सम्राट ने जताया शोक

बागी कुमार वर्मा के निधन पर शोक प्रकट करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा- पूर्व मंत्री, बिहार सरकार एवं वरिष्ठ नेता बागी कुमार वर्मा के निधन की खबर अत्यंत ही दुखद है। उनके देहावसान से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोक-संतप्त परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

तेजस्वी ने भी प्रकट किया दुख

वहीं, पार्टी के दिग्गज नेता के निधन पर शोक जताते हुए तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- राजद से पूर्व विधायक व बिहार के पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। सरल व सहज व्यक्तित्त्व के धनी बागी वर्मा एक संघर्षशील, समर्पित और प्रतिबद्ध राजनेता थे। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य और साहस प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

3 बार के विधायक थे बागी कुमार वर्मा

बता दें कि दिवंगत बागी कुमार वर्मा का राजनीतिक सफर बेहद प्रभावशाली रहा। वे दो बार मखदुमपुर और एक बार अरवल की कुर्था सीट से विधायक रहे। लालू यादव की सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी बने। बागी कुमार वर्मा को राजनीति पिता से विरासत में मिली थी। वे समाजवादी विचारधारा के पुरोधा और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र नाथ वर्मा के बेटे थे।

2014 लोकसभा में मिली हार

बता दें कि साल 2014 में बागी कुमार वर्मा ने जदयू के टिकट पर औरंगाबाद से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। हालांकि चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, साल 2019 में उन्होंने जदयू से इस्तीफा देते हुए एक बार फिर राजद में वापसी की और 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में कुर्था सीट से जीत हासिल कर विधायक बने।

ये भी पढ़ें- बाहुबली अनंत सिंह और सिंगर गुंजन सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, MP-MLA कोर्ट में मामला ट्रांसफर