कुंदन कुमार, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव आज 11 जून को अपना 78वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू यादव को जन्मदिन की बधाई दी है। सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु से आपके स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना करता हूं।”
राबड़ी आवास में काटा गया केक
लालू यादव के जन्मदिन के मौके पर आज राबड़ी आवास में केक काटा गया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी, पूर्व मुख्यमंत्री रावड़ी देवी, राजद सांसद मिशा भारती, राजद के महासचिव मदन शर्मा सहित कई नेता मौजूद रहे। भारी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता राजद सुप्रीमो को बधाई का संदेश देने के लिए सर्कुलर रोड पहुंच रहे हैं। तेजस्वी ने कहा लालू जी स्वस्थ्य रहे यही हमलोग आज के दिन ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
इस मौके पर आवास में बधाई संदेश लेकर पहुंच रहे लोगों के लिए खाने की भी व्यवस्था की गई है। तेजस्वी यादव खुद अपने हाथों से लोगों को पूड़ी सब्जी और मिठाई खिलाते हुए नजर आए।
रात में परिवार संग काटा था केक
इससे पहले लालू यादव ने बीती रात 12 बजे केक काटकर पूरे परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उनकी पत्नी और पूर्व सीएम राबड़ी देवी, बड़ी बेटी मीसा भारती, तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री मुख्य रूप से मौजूद रहीं। सभी ने लालू यादव को केक खिलाकर उनका जन्मदिन मनाया और उन्हें शुभकामनाएं दी।
लालू यादव के जन्मदिन पर बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य भले ही शारीरिक रूप से इस सेलिब्रेशन में मौजूद नहीं रहे हो, लेकिन वे वीडियो कॉल के जरिए इस परिवार के जश्न में शामिल हुए और लालू यादव को जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर पूरा परिवार काफी खुश नजर आया।
ये भी पढ़ें- Lalu Yadav Birthday: जन्मदिन पर पिता के लिए उमड़ा तेज प्रताप यादव का प्यार, भावुक होकर कही अपने दिल की बात

