Bihar News: बिहार समेत देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (कृष्णाष्टमी) का त्योहार बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर सीएम सम्राट चौधरी ने सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। सीएम सम्राट ने बधाई संदेश देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, धर्म की स्थापना और सत्य के मार्ग का संदेश देने वाले भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण जी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का संचार हो।
प्रेम और उत्साह के साथ विकसित बनेगा बिहार- सीएम
सीएम सम्राट चौधरी ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि भारतीय संस्कृति और परम्परा में पर्व-त्योहारों की एक लंबी श्रृंखला है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत एवं विविधता में एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा है कि प्रतिवर्ष भादो माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी के त्योहार के रूप में बड़े धूमधाम से पारम्परिक रीति रिवाज के अनुसार मनाया जाता है।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और उनके कर्मयोग के उपदेश को लोग आत्मसात करने का संकल्प लेते हैं तथा अपने सुख, समृद्धि एवं सफलता की कामना करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि यह पर्व प्रदेश में सामाजिक समरसता, प्रेम और उत्साह के वातावरण को और मजबूत करेगा तथा बिहार सुखी, समृद्ध और विकसित प्रदेश बनेगा।
इस्कॉन मंदिर में दर्शन करने पहुंचेंगे सीएम
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पटना के बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में आज लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्यपाल सहित कई नेता भी मंदिर में दर्शन करेंगे और विशेष पूजा में शामिल होंगे। बता दें कि इस्कॉन मंदिर, जिसे श्री राधा बांके बिहारी जी मंदिर के रूप में जाना जाता है, पटना के बुध मार्ग में स्थित भगवान कृष्ण को समर्पित एक पवित्र मंदिर है। यह 108 फुट लंबा बहु-कहानी मंदिर 84 स्तंभों द्वारा समर्थित है और दो एकड़ के क्षेत्र को कवर करता है। स्थापना की आधारशिला वर्ष 1984 में रखी गई थी।
पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने भी दी बधाई
पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। पूर्व सीएम ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, आज के इस शुभ अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और उनके कर्मयोग के उपदेश को आत्मसात करने का संकल्प लें। सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं सफलता की कामना है।
ये भी पढ़ें- बिहार में नदियों ने धारण किया रौद्र रूप, पुनपुन का रिंग बांध टूटा, पटना पर मंडराया बाढ़ का खतरा



