CM Samrat Chaudhary: सीएम सम्राट चौधरी आज मंगलवार (16 जून) को कैमूर जिले के दौरे पर रहेंगे। राज्य की सत्ता संभालने के बाद यह उनका पहला कैमूर दौरा होगा। जिले के दौरे पर सीएम सम्राट चौधरी प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम में मुंडेश्वरी मां का दर्शन कर पूजा अर्चना करेंगे। इसके साथ ही वह सहयोग शिविर में शामिल होने के साथ-साथ आयोजित एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

सीएम सम्राट चौधरी अपने इस दौरे पर कैमूर जिले को विकास की बड़ी सौगात देने वाले हैं। मुख्यमंत्री जिले में 196 करोड़ की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

162 करोड़ की 20 योजनाओं का लोकार्पण

कैमूर दौरे पर सीएम सम्राट चौधरी 162.69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 20 महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के शुरू होने से आम लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। साथ ही, लंबे समय से प्रतीक्षित परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

40 विकास योजनाओं की रखी आधारशिला

इसके अलावा मुख्यमंत्री 33.36 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 नई विकास योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, शैक्षणिक संस्थानों का विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और अन्य जनहित से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सीएम सम्राट चौधरी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए पूरे कार्यक्रम स्थल की निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे की मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की कोई बाधा उत्पन्न ना हो और कार्यक्रम शांतिपूर्वक सफल हो सके।

ये भी पढ़ें- रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर तेजस्वी ने CM सम्राट को लिखा पत्र, CBI जांच की मांग