कुमार उत्तम/​मुजफ्फरपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर प्रखंड स्थित परसौनीनाथ पंचायत के गोसाईपुर उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय में एक भव्य सहयोग शिविर का उद्घाटन किया। हेलीकॉप्टर से दोपहर 12:30 बजे आगमन के बाद उन्होंने पहले शिविर का बारीकी से निरीक्षण किया और तत्पश्चात दीप प्रज्वलित कर विधिवत इसका उद्घाटन किया।

​बिहार के विकास के लिए अपना कतरा-कतरा खून लगा दूंगा

​सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि बिहार को समृद्ध बनाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा मैं बिहार के विकास के लिए अपना कतरा-कतरा खून लगा देने को तैयार हूं। मुख्यमंत्री ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया कि बिहार को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए 72,000 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और नीतीश कुमार के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं के आशीर्वाद से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है।

​सहयोग शिविर: अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा समाधान

​मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सहयोग शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए एक समय-सीमा निर्धारित है। यदि कोई पदाधिकारी या कर्मचारी मापदंडों के अनुरूप काम नहीं करेगा तो उसे कड़ी सजा भुगतनी होगी। साथ ही उन्होंने सभी विधायकों को शिविरों में जाकर कार्यप्रणाली की निगरानी करने और फीडबैक देने का निर्देश दिया।

​मुजफ्फरपुर को बड़ी सौगात

​क्षेत्र के विकास को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर के लिए लगभग 288.16 करोड़ रुपये की 109 योजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट को पुनः शुरू करने की घोषणा की और कहा कि जल्द ही इसका शिलान्यास किया जाएगा, जिसके लिए वे केंद्रीय गृह मंत्री को विशेष रूप से आमंत्रित करेंगे। इसके साथ ही बंद पड़ी चीनी मिलों को भी शुरू करने का आश्वासन दिया।
​कार्यक्रम में बिहार के भूमि राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल, मंत्री रमा निषाद, सांसद वीना देवी, डीजीपी, मुख्य सचिव सहित एनडीए के कई विधायक, एमएलसी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। अंत में मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।