Bihar News: बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज गुरुवार (9 जुलाई) को भाजपा उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा बंटी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर भाजपा द्वारा एक नामांकन सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सांसद उपेंद्र कुशवाहा, जदयू प्रदेश उमेश कुशवाहा, लोजपा सांसद शांभवी चौधरी और हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार मौजूद रहे। नामांकन सभा में एनडीए की एकजुटता दिखी।

बांकीपुर उपचुनाव में किया जीत का दावा

इस दौरान मंच पर पहुंचते ही सभी गठबंधन दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्वागत किया। वहीं, मंच को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने बांकीपुर उपचुनाव जीतने का दावा ठोका और कहा कि, जिस तरह एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में 202 सीटें जीतने का काम किया था, उसी तरह बांकीपुर में जीत दर्ज होगी।

तेजस्वी को भी देते हैं मुफ्त बिजली- सीएम सम्राट

इस दौरान सम्राट चौधरी ने बिना नाम लिये जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशार पर तंज कसते हुए कहा कि, ये लोग भी बांकीपुर में वोट मांगने आएंगे, जिन्हें बिहार से कोई मतलब ही नहीं है। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि, आपने देखा है, हमने बिहार को सींचने का काम किया है। हमने घर-घर बिजली पहुंचाई है। हम तो ऐसे दल हैं, जब जनता को 125 यूनिट बिजली मुफ्त देते हैं तो विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को भी बिजली मुफ्त देते हैं।

पांच उम्मीदवारों के बीच होगी लड़ाई

बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए अब तक कुल 5 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजद, जजद, भाजपा, जनसुराज और RLJP ने अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। हालांकि मुख्य रूप से बांकीपुर उपचुनाव की लड़ाई भाजपा, राजद और जनसुराज के प्रंशात किशोर के बीच ही मानी जा रही है। एक तरफ जहां नीतीन नबीन के जाने के बाद भाजपा पर इस सीट को बचाने की बड़ी जिम्मेदारी है। वहीं, प्रशांत किशोर चुनाव प्रचार के दौरान लगातार बीजेपी और सीएम सम्राट चौधरी पर हमलावर हैं। फिलहाल बांकीपुर का उपचुनाव जोरों पर हैं, ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की क्षेत्र की जनता किसके सिर जीत का ताज पहनाती है।

बांकीपुर उपचुनाव कार्यक्रम

  • नामांकन प्रक्रिया- 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक।
  • नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई।
  • 30 जुलाई को होगा मतदान।
  • 3 अगस्त को आएगा चुनाव का परिणाम।

ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर का नाम सुनते ही भड़क उठे मंत्री अशोक चौधरी, बोले- अपना दुकान चलाने के लिए…..