Ganesh Utsav 2026: सीएम सम्राट चौधरी आज सोमवार (14, सितंबर) को गणेश चतुर्थी के अवसर पर महाराष्ट्र मण्डल द्वारा सरपेंटाईन रोड, दारोगा प्रसाद राय पथ पर आयोजित श्रीगणेश उत्सव पूजा में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्री गणेश से प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। महाराष्ट्र मण्डल के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प-गुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें पगड़ी भी पहनाया गया।
सीएम ने की सुख, शांति और समृद्धि की कामना
सीएम सम्राट चौधरी ने श्री गणेश उत्सव पूजा के आयोजन के लिये महाराष्ट्र मण्डल के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने गणेश चतुर्थी के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सफलता प्रदान करें तथा बिहार निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े।
इस अवसर पर सिविल विमानन विभाग के सचिव डॉ० नीलेश रामचन्द्र देवरे, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर सहित महाराष्ट्र मण्डल के सदस्य, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
गणेश जी की प्रतिमा में जड़ा हीरे का मुकुट
बता दें कि महाराष्ट्र मंडल में बीते कई सालों से गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। इस बार गणेश जी की प्रतिमा में हीरे जड़ित मुकुट विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गणपति बप्पा को करीब 55 लाख रुपये के हीरा-पन्ना जड़ित मुकुट से सजाया गया है। खास बात यह है कि इस मुकुट को मुंबई के ज्वेलरी बाजार के कारीगरों ने तैयार किया है। जानकारी के अनुसार, करीब 350 ग्राम सोने से बने इस मुकुट में छह कैरेट का बड़ा हीरा जड़ा हुआ है। इसके अलावा मुकुट के आसपास माणिक, पन्ना और छोटे-छोटे हीरों का इस्तेमाल किया गया है।
ये भी पढ़ें- ‘बिहार में 3-4 युवराज, कोई माल गिन रहा तो कोई मूर्ति लगवा रहा’, तेजस्वी-चिराग पर बरसे पप्पू यादव



