Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज शुक्रवार (18, सितंबर) को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम सम्राट ने ‘कायाकल्प’ पोर्टल का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच०आर० श्रीनिवास ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ‘कायाकल्प’ पोर्टल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट ने कहा कि, आज सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की शुरूआत की गई है। साथ ही कायाकल्प पोर्टल का भी लोकार्पण किया गया है। इस अभियान का मूल उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं एवं परिसंपतियों को बेहतर एवं स्वच्छ बनाना तथा नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दो प्रमुख अवयव हैं। पहला, पूर्व से अवस्थित परिसंपतियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मती, जिसे हर हाल में 30 नवम्बर तक पूर्ण किया जाना है।
सीएम ने कहा कि, हमारा सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से आग्रह है कि इसे दीपावली के पहले ही पूर्ण कर लें। दूसरा, नई आधारभूत संरचना एवं परिसंपतियों का निर्माण जिसे 31 मार्च 2027 तक पूर्ण किया जायेगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिये सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग लें। पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों के प्रतिनिधियों का सहयोग लें। छोटी-छोटी चीजों पर गौर करें और उसका सफल क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर होनेवाले कार्यक्रम में इस अभियान के अवयवों को शामिल कर बेहतर ढंग से कार्यों को संपादित करें।
सीएम सम्राट चौधरी ने आगे कहा, कि प्राथमिकता के आधार पर सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, शिक्षा विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी ‘कायाकल्प’ पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। योजनाओं की प्रगति, अब तक हुए कार्य, पूर्ण हो चुकी योजनाओं सहित अन्य आवश्यक जानकारियां पोर्टल पर दर्ज रहेंगी। कायाकल्प पोर्टल के साथ-साथ कायाकल्प मोबाइल ऐप के माध्यम से भी योजनाओं के संबंध में जानकारी मिल सकेगी। कायाकल्प पोर्टल के द्वारा योजनाओं की प्रगति की निगरानी करना आसान होगा तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि, छोटी-छोटी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना अभियान का मकसद है। सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत छोटी-छोटी योजनाओं के माध्यम से समाज को जोड़ना तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जहां आम लोगों को दिक्कत हो रही है अथवा इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक करने की आवश्यकता है, वहीं आवश्यकतानुसार कार्य कराना इस अभियान का उद्देश्य है।
सीएम सम्राट चौधरी ने यह निर्देश दिया कि,30 नवंबर तक किसी भी हाल में पंचायत स्तर पर सभी छोटे-छोटे विकास कार्यों को पूर्ण किया जाए। विद्यालयों की रंगाई-पुताई, जहां आवश्यक हो वहां सामुदायिक भवनों का निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि अंबेडकर छात्रावास, कर्पूरी ठाकुर छात्रावास सहित अन्य छात्रावासों में आवश्यक सुविधाओं को पूर्ण करें। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक भवनों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में बचे हुए छोटे-छोटे कार्यों को भी 30 नवंबर तक हर हाल में पूरा करें।
ये भी पढ़ें- PM मोदी के जन्मदिन पर आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट से मचा बवाल, RJD नेता जुनैद मकबूर गिरफ्तार



