Patna Student Protest: बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती समेत विभिन्न मांगों को लेकर बीते 18 अगस्त से छात्रों का धरना प्रदर्शन जारी है। आंदोलन कर रहे विभिन्न संगठन के छात्र आज मंगलवार को सीएम आवासा का घेराव करने वाले हैं। वहीं, प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा की कड़ी तैयारी की गई है।
इन सबके बीच सीएम सम्राट चौधरी ने खुद छात्रों को भरोसा दिलाया है कि सरकार उनकी सभी बातों को सुनने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, छात्रों की हर समस्या का समाधान करना ही सरकार का संकल्प है।
छात्रों की हर बात सुनी जाएगी- सीएम सम्राट
सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, विद्यार्थियों की हर आवाज की सुनवाई। बिहार सरकार द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए आज से “विद्यार्थी सहयोग शिविर” की शुरुआत की जा रही है।
सीएम ने कहा कि, हर महीने चतुर्थ मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में आयोजित होने वाले इन शिविरों में विद्यार्थी अपनी समस्याएं सीधे सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। साथ ही “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” एवं “हेल्पलाइन 1100” के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर उनकी स्थिति भी जान सकेंगे। मख्यमंत्री ने कहा कि, विद्यार्थियों की हर बात सुनी जाए, हर समस्या का समाधान हो। सरकार का यही संकल्प और यही प्रयास है।
छात्र आंदोलन को लेकर प्रशासन अलर्ट
इसके मद्देनजर डाक बंगला चौराहा और जेपी गोलंबर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बीपीएससी के खिलाफ छात्र संगठन और सैटेलाइट सिटी के खिलाफ किसान संगठन सड़कों पर उतरने वाले हैं। एसडीपीओ टाउन 2, लॉ एंड ऑर्डर कामाख्या नारायण सिंह ने कहा, “हम लोग बैरिकेडिंग लगाए हैं और से वरीय पदाधिकारी यहां आए हैं। काफी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि, छात्रों से वार्ता भी चल रही है, वार्ता पॉजिटिव भी है। मुझे उम्मीद है कि बहुत से छात्र इस बात को समझ गए हैं, कि उनकी बहुत सी बातें मानी गई हैं, तो आंदोलन का स्वरूप बहुत छोटा होना चाहिए। उसके बावजूद भी अगर छात्रआते हैं, तो उनको हम लोग रोकेंगे आगे नहीं बढ़ने देंगे।
एक नजर में आंदोलन
- 18 अगस्त से आंदोलन पर बैठे हैं विभिन्न संगठनों के छात्र।
- TRE 4 शिक्षक भर्ती में एकल परीक्षा, माइनस मार्किंग समाप्त करने की मांग
- TRE 4 समेत अन्य लंबित भर्तियों की मांग।
- बिहार के युवाओं के लिए 100% डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग।
ये भी पढ़ें- मेरे पास हैं खान सर के कई राज, 2017 के मामलों को लेकर उत्तर प्रदेश की युवती ने दर्ज कराया बयान


