MP Morning News: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सीहोर को बड़ी सौगात देंगे। वे सीजी पॉवर की नई इकाई का शुभारंभ करेंगे। CG Power की नई पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई के प्रथम ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ होगा। करीब 50 एकड़ में यह देश की एक ही स्थान पर स्थित सबसे बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई होगी। जिससे 220 KV से 1200 KV तक के पावर ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे। इकाई की क्षमता हर माह 35 ट्रांसफॉर्मर तैयार करने की होगी। सीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यहां बने ट्रांसफॉर्मर देश के साथ वैश्विक बाजारों में भी भेजे जाएंगे।

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 11 बजे सीएम हाउस में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होंगे। दोपहर 12:40 बजे सीहोर पहुंचेंगे। जहां CG पावर की नई इकाई का शुभारंभ करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुरैना में बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होंगे। सीहोर से मुख्यमंत्री इंदौर के महू जाएंगे। महू में जानापाव में परशुराम और कृष्णा लोक का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद शाम 5:15 बजे भोपाल के केंद्रीय जेल पहुंचेंगे। यहां जन्माष्टमी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं शाम 6:15 बजे भोपाल के इस्कॉन पहुंचेंगे। यहां भी जन्माष्टमी महोत्सव में हिस्सा लेंगे।

पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनेगा श्रीकृष्ण पर्व

मध्य प्रदेश के 55 जिलों के 111 स्थानों पर सांस्कृतिक आयोजन होंगे। प्रदेशभर के 1500 से ज्यादा स्थानीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। 7500 से अधिक श्रीकृष्ण मंदिरों में विशेष साज-सज्जा होगी। घर-घर गोकुल, घर-घर गोपाल’ की थीम पर आयोजन होंगे। मुख्यमंत्री निवास पर भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का विशेष आयोजन होगा। CM हाउस में 101 बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री बच्चों को माखन मिश्री और लड्डू गोपाल की मूर्ति भेंट करेंगे। जन्मोत्सव में ‘मटकी फोड़’ कार्यक्रम भी होगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जानापाव में परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन करेंगे। श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को सांस्कृतिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

नरोत्तम मिश्रा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात

एमपी के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा गुरुवार को दिल्ली के दौरे पर रहे। जहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात को दतिया उपचुनाव के बाद पार्टी संगठन में चल रही कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। आपको बता दें कि दतिया उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद जिला संगठन पूरी तरह भंग कर दिया गया था। करीब एक महीने बाद भी अब तक नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो सकी है।

उज्जैन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रात 12 बजे आरती

उज्जैन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आज रात 12 बजे आरती होगी। इसे लेकर पूरे शहर को सजाया जा रहा है। प्रमुख कृष्ण मंदिरों सांदीपनि आश्रम, गोपाल मंदिर और इस्कॉन मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिरों में रोशनी और फूलों से सजाया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m