तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली है। शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान संगीता वीडियो कॉन्फेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुईं और जज सुजाता को अपनी याचिका वापस लेने की जानकारी दी। करीब 15 मिनट तक पूछताछ के बाद कोर्ट ने उनकी अर्जी स्वीकार करते हुए तलाक से जुड़ा मामला समाप्त कर दिया।

फरवरी 2026 में दायर की थी तलाक की याचिका

संगीता ने फरवरी 2026 में फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री विजय का एक अभिनेत्री के साथ विवाहेतर संबंध (Extra Marital Affair) है। हालांकि, उन्होंने किसी भी अभिनेत्री का नाम सार्वजनिक रूप से नहीं लिया था।

याचिका में लगाए गए थे गंभीर आरोप

रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता ने अपनी याचिका में दावा किया था कि अप्रैल 2021 में उन्हें विजय के कथित अफेयर की जानकारी मिली, जिससे उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि 2021 के बाद से विजय भावनात्मक रूप से उनसे दूर हो गए और पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी ठीक से नहीं किया। याचिका में यह भी कहा गया था कि इस विवाद का असर उनके बेटे जेसन और बेटी दिव्या पर पड़ा और उन्हें सामाजिक शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।

चुनाव के दौरान सुर्खियों में रहा था मामला

तलाक याचिका पर कानूनी प्रक्रिया 26 फरवरी 2026 से शुरू हुई थी। बाद में सुनवाई 20 अप्रैल तक टाल दी गई, जो तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से ठीक तीन दिन पहले की तारीख थी। चुनाव प्रचार के दौरान यह मामला राजनीतिक और मीडिया हलकों में चर्चा का विषय बना रहा।

एक्ट्रेस तृषा के साथ जुड़ा था विजय का नाम

मुख्यमंत्री विजय का नाम लंबे समय से अभिनेत्री तृषा के साथ जोड़ा जाता रहा है। हालांकि, विजय और तृषा दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर कभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। तृषा मुख्यमंत्री विजय के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुई थीं और चुनाव परिणाम वाले दिन उनके नीलांकरई स्थित आवास पर भी पहुंची थीं। इसके अलावा, मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय द्वारा तृषा की फिल्म ‘करुप्पु’ के लिए सुबह 9 बजे विशेष मॉर्निंग शो की अनुमति दिए जाने पर भी राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में काफी चर्चा हुई थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m