सतीश सिंह, गाजीपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर पहुंचकर जिले को 692 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. मुख्यमंत्री कुल 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से गाजीपुर जिले की सभी प्रमुख विधानसभा सीटों गाजीपुर, जखनियां, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानियां, जहूराबाद और जंगीपुर को विकास कार्यों का लाभ मिलेगा. सबसे ज्यादा परियोजनाएं गाजीपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं, जहां 208 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और 88 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास होगा.
इसे भी पढ़ें : निर्विघ्न कांवड़ यात्रा के लिए तैयार उत्तर प्रदेश- डॉ. कमलेश “कौन्तेय”
इन परियोजनाओं की सौगात देंगे योगी-
- जखनियां विधानसभा में 109 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 39 करोड़ की नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा.
- मोहम्मदाबाद में 51 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और 17 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास होगा.
- सैदपुर को 44 करोड़ के लोकार्पण और 22 करोड़ के शिलान्यास कार्यों की सौगात मिलेगी.
- जमानियां में 44 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और ₹9 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा.
- जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में 26 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण तथा 15 करोड़ की नई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा.
- जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में 11 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹8 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा.
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं अन्य लाभ भी वितरित करेंगे. इस कार्यक्रम को जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.


