लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए. पीएम ने पीएमएसेसवाई, पीएम किसान, खेलो इंडिया और एएनएसएफएस को लेकर अहम निर्णय लिया. पीएम के इस कदम के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका आभार व्यक्त किया है. योगी ने एक्स पर लिखा कि यशस्वी नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (PM-SSY) को प्रदान की गई स्वीकृति ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला ऐतिहासिक निर्णय है.

योगी ने आगे लिखा कि 5,070 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से देश में 5,000 मेगावाट फ्लोटिंग सौर ऊर्जा क्षमता का विकास होगा. इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलेगी, ऊर्जा भंडारण प्रणाली सुदृढ़ होगी, व्यापक रोजगार के अवसर सृजित होंगे और कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी. जलाशयों के वैज्ञानिक एवं सर्वोत्तम उपयोग पर आधारित यह अभिनव पहल ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के नए युग का आधार बनेगी.

इसे भी पढ़ें : किसानों के बच्चों की छात्रवृत्ति का बढ़ेगा दायरा! CM योगी ने पास किया 3025 करोड़ का बजट

इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल में पीएम किसान योजना को लेकर भी निर्णय लिया गया. इसके लिए भी पीएम का आभार जताते हुए योगी ने लिखा कि अन्नदाता किसान की समृद्धि, खुशहाली और आत्मनिर्भरता ‘विकसित भारत’ की सबसे सुदृढ़ आधारशिला है. इसी संकल्प को नई शक्ति प्रदान करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने का ऐतिहासिक निर्णय अभिनंदनीय है. इस अवधि के लिए 3.15 लाख करोड़ के कुल वित्तीय परिव्यय को स्वीकृति प्रदान की गई है. यह निर्णय करोड़ों किसान परिवारों को आर्थिक सुरक्षा, कृषि निवेश को नई गति तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा.

केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में खेलो इंडिया योजना पर भी निर्णय लिया गया. इस योगी ने लिखा कि वर्ष 2026-27 से 2030-31 की अवधि के लिए 36,441 करोड़ के संयुक्त परिव्यय के साथ विस्तारित खेलो इंडिया योजना और राष्ट्रीय खेल संघों (ANSFs) को बढ़ी हुई सहायता की मंजूरी भारत की युवा शक्ति को नई ऊर्जा देने वाला ऐतिहासिक कदम है. स्वतंत्र भारत का यह सबसे बड़ा खेल विकास कार्यक्रम गांव के खेल मैदानों से लेकर ओलंपिक मंच तक प्रतिभाओं के लिए सशक्त, सुनियोजित एवं पारदर्शी अवसर सुनिश्चित करेगा और ‘विकसित भारत- 2047’ के संकल्प को नई गति प्रदान करते हुए खेलों के माध्यम से युवा सशक्तीकरण के अभियान को और ज्यादा प्रभावी बनाएगा. खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने वाली इस युगांतकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार.