सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधान भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए विपक्ष पर एक साथ कई मोर्चों पर तीखा हमला बोला. मुख्यमंत्री ने किसान, राम मंदिर, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और आउटसोर्स कर्मचारियों के मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं समाजवादी पार्टी और विपक्ष पर किसानों के नाम पर राजनीति करने तथा विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण मंच है, जहां हर विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाकर सरकार से समाधान मांग सकता है. उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की हमेशा यह कोशिश रही है कि सदन का अधिकतम समय जनहित के मुद्दों पर चर्चा में लगे. उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह हंगामे और नकारात्मक राजनीति के बजाय किसानों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और गरीबों के कल्याण जैसे विषयों पर सार्थक बहस करे.

इसे भी पढ़ें : ‘चार दिन की विधानसभा क्या सिर्फ औपचारिकता?’ मायावती ने मानसून सत्र पर उठाए बड़े सवाल

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदल गई है. कभी बीमारू राज्य कहे जाने वाला प्रदेश आज राजस्व अधिशेष (रेवेन्यू सरप्लस) और देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. उन्होंने दावा किया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के कारण छह करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकलकर बेहतर जीवन की ओर बढ़े हैं.

किसानों पर विपक्ष को घेरा

मुख्यमंत्री ने किसानों का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिला, बिचौलियों का राज कायम रहा, 29 चीनी मिलें बंद हुईं और 21 चीनी मिलों को जल्दबाजी में बेच दिया गया, वही आज किसानों के हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और अन्य योजनाओं के जरिए बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर सिंचाई की सुविधा बढ़ाई गई है. प्रदेश का किसान अब एक-दो नहीं, बल्कि तीन-चार फसलें ले रहा है. ऑर्गेनिक खेती का निर्यात विदेशों तक हो रहा है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि गन्ना किसानों को तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है और प्रदेश की 105 से अधिक चीनी मिलें चार-पांच दिन के भीतर गन्ना मूल्य किसानों के खाते में भेज रही हैं. उन्होंने कहा कि आज 16 लाख निजी नलकूपों पर मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है.

इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री जी…कहां है दूध का दूध, पानी का पानी? राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर पूर्व मंत्री पवन पांडेय का हमला, BJP-RSS और विहिप पर लगाए गंभीर आरोप

अयोध्या और राम मंदिर के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे और श्रीराम मंदिर निर्माण में कानूनी बाधाएं खड़ी करने के लिए वकीलों की फौज खड़ी करते थे, वही आज राम मंदिर के चंदे पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों की जेब से मंदिर निर्माण के लिए एक रुपया तक नहीं निकला, वे आज भ्रष्टाचार की बातें कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया विपक्ष का दोहरा चरित्र देख रही है.

युवाओं और महिलाओं के लिए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं को भी अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), पीएम विश्वकर्मा योजना और निवेश आधारित औद्योगिक विकास के कारण लाखों युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिला है. कानून व्यवस्था और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है.

महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. कामकाजी महिलाओं के लिए बड़े शहरों में श्रमजीवी हॉस्टल बनाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें सुरक्षित आवास और बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

इसे भी पढ़ें : ’10 साल में 26,000 स्कूल बंद!’: विधानसभा घेरने से पहले अखिलेश यादव का ‘मास्टरस्ट्रोक’, कटघरे में योगी सरकार

मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारियों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, रसोइयों और ग्राम चौकीदारों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित करने की व्यवस्था अगले एक-दो सप्ताह में लागू कर दी जाएगी. इसके लिए अनुपूरक बजट में भी प्रावधान किया गया है.

कांवड़ यात्रा का किया स्वागत

सावन माह का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि करोड़ों शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकले हैं. उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार उनकी सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

विपक्ष को दी नसीहत

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष से अपील की कि वह नकारात्मक राजनीति छोड़कर सकारात्मक सोच के साथ विधानसभा की कार्यवाही में भाग ले. उन्होंने कहा कि 25 करोड़ प्रदेशवासियों के विकास और कल्याण के लिए मानसून सत्र का हर पल महत्वपूर्ण है और सदन में स्वस्थ चर्चा के जरिए ही उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है.