लखनऊ. उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में तेज बारिश और आंधी से हुई जनहानि, पशुहानि का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. वहीं घायलों का उचित इलाज करवाने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही सीएम ने 24 घंटे में मुआवजा देने निर्देश भी दिया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि मुआवजे को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सीएम ने राहत आयुक्तों को अफसरों से सीधा समन्वय रखने को भी कहा है.

बता दें कि उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी किया है. इस दौरान कुछ इलाके में लू का कहर भी जारी रहेगा. बादलों और बारिश के चलते तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लू के प्रभाव में कमी आने की संभावना है. मौसम विभाग ने 4 मई से आगामी 5-6 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है.

इसे भी पढ़ें : अंबेडकरनगर में मौत का तांडव, सड़क हादसे में 8 लोगों की गई जान, मचा कोहराम

मौसम विभाग ने बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जिसमें मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज शामिल हैं. इन क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि होने के आसार हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में भी मौसम तेजी से बदल सकता है. इसमें विभाग ने लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, बरेली और प्रयागराज जैसे जनपदों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों जैसे झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट और ललितपुर में फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. यहां मौसम सामान्य रह सकता है.