संजीव, सोनीपत। नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल ऑफ कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स (सीएमए) के सोनीपत चैप्टर की वार्षिक आम सभा (एजीएम) मंगलवार को चैप्टर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चुनाव संपन्न हुआ। साथ ही चैप्टर की भावी योजनाओं, व्यावसायिक विकास कार्यक्रमों तथा सदस्यों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सभा के दौरान सचिव-सह-कोषाध्यक्ष पवन कुमार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए चैप्टर की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जिसमें सीएमए परवीन मदान को चैप्टर का चेयरमैन, सीएमए दिनेश खत्री को वाइस चेयरमैन तथा सीएमए पवन कुमार को सचिव-सह-कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे चैप्टर की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी, सक्रिय एवं सदस्य हितैषी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पेशेवर विकास और सदस्यों के कौशल संवर्धन के लिए नए कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर सीएमए जितेन्द्र अग्रवाल, सीएमए अतुल खट्टर, सीएमए सुमीत कुमार, सीएमए मोहित शर्मा, सीएमए सुरेंद्र गोयल सहित चैप्टर के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने चैप्टर की निरंतर प्रगति, पेशेवर उत्कृष्टता और संगठन की सशक्त भूमिका को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।