रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में एक बार फिर अवैध कॉलोनियों और प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी का मामला गरमाया। मंगलवार को 13 से अधिक पीड़ित कलेक्ट्रेट पहुंचे और तीन कॉलोनाइजरों के खिलाफ किस्तों में लाखों रुपये जमा कराने के बावजूद प्लॉट न देने और दबंगई दिखाने के गंभीर आरोप लगाए।
2013 में हुआ था मौखिक करार, कार्ड देकर वसूले रुपये
पीड़ित मोहम्मद अय्युब, शकील, अब्दुल मलिक और मोहम्मद मुस्तफा सहित अन्य आवेदकों ने जनसुनवाई में बताया कि वर्ष 2013 में कॉलोनाइजरों के साथ प्लॉट खरीदने का मौखिक करार हुआ था। इसके एवज में कॉलोनाइजरों ने उन्हें एक ‘कलेक्शन कार्ड’ जारी किया था और ताज नगर (लोधीपुरा दरगाह के पीछे) व नौमान नगर के नाम से कॉलोनियां काटकर उनसे किस्तों में पैसे वसूले गए।
न प्लॉट दे रहे हैं, न पैसे वापस कर रहे
पीड़ित हाजी शकील अहमद अंसारी ने बताया कि 2013 से 2016 तक कॉलोनाइजरों ने उनसे लगातार पैसे वसूले। उन्होंने खुद एक प्लॉट के लिए ₹1 लाख से अधिक और दूसरे प्लॉट के लिए ₹54 हजार की किस्तें जमा की थीं। पीड़ितों का आरोप है कि अब कॉलोनाइजर तय जगह पर प्लॉट देने से साफ इंकार कर रहे हैं और विरोध करने पर दादागिरी दिखाते हैं। पीड़ितों ने मांग की है कि या तो उन्हें सही स्थान पर प्लॉट दिए जाएं या फिर उनका पूरा पैसा ब्याज सहित वापस लौटाया जाए।
एसडीएम ने सभी दस्तावेजों के साथ पीड़ितों को बुलाया
जनसुनवाई में अधिकारियों ने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। तहसीलदार प्रवीण ओहरिया ने बताया कि एसडीएम पल्लवी पुराणिक ने मामले को संज्ञान में लेते हुए सभी पीड़ितों को अपने पूरे दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। अभिलेखों और दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


