दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 (Commonwealth Table Tennis Championship 2026) के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने चैंपियनशिप का आधिकारिक ट्रेलर भी लॉन्च किया और कहा कि ‘मयूर’ भारत के राष्ट्रीय पक्षी से प्रेरित है, जो ऊर्जा, उत्साह, जीवंतता और सकारात्मकता का प्रतीक है।
मयूर के पंखों में दिखी ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की झलक
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ की सबसे खास बात यह है कि उसके पंखों में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को आकर्षक ढंग से समाहित किया गया है। यह डिजाइन ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना, वैश्विक एकता और खेल भावना के संदेश को दर्शाता है। शुभंकर के माध्यम से विविधता में एकता, आपसी सम्मान और मित्रता का संदेश देने का प्रयास किया गया है। नई दिल्ली स्थित द ललित होटल में आयोजित भव्य समारोह में दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) और कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के पदाधिकारी, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। समारोह में शुभंकर के अनावरण और आधिकारिक ट्रेलर लॉन्च के साथ चैंपियनशिप को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
वैश्विक खेल मानचित्र पर मजबूत दावेदारी पेश करेगी दिल्ली
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह आयोजन दिल्ली की आधुनिक खेल अवसंरचना, उत्कृष्ट आयोजन क्षमता और वैश्विक खेल आयोजनों के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी राजधानी के लिए गर्व का विषय है और इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली की पहचान और मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियाई खेलों से लेकर राष्ट्रमंडल खेलों तक, दिल्ली ने कई बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का सफलतापूर्वक संचालन किया है। इसी अनुभव के आधार पर राजधानी एक बार फिर विश्वस्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य युवाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और देश का नाम रोशन करें। सरकार का लक्ष्य दिल्ली को देश की अग्रणी ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ के रूप में स्थापित करना है, जहां खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के अवसर मिल सकें।
घरेलू मैदान पर भारत मजबूत दावेदार, खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विश्वास जताया कि 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम घरेलू मैदान का पूरा फायदा उठाते हुए खिताब की प्रबल दावेदार होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और क्षमता के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे तथा देश का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने का बेहतरीन अवसर होगी। साथ ही, इससे देशभर के युवा खिलाड़ियों को टेबल टेनिस में आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजन समिति, दिल्ली सरकार के खेल विभाग, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई), स्वयंसेवकों और सभी सहयोगी संस्थाओं को सफल तैयारियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली एक बार फिर अपनी समृद्ध खेल संस्कृति, आधुनिक खेल अवसंरचना और उत्कृष्ट आतिथ्य के दम पर दुनिया के सामने एक सफल अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मिसाल पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के खिलाड़ियों और प्रतिनिधिमंडलों का राजधानी दिल्ली में गर्मजोशी से स्वागत किया और 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के सफल एवं यादगार आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
27 जुलाई से शुरू होगी 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के अत्याधुनिक त्यागराज स्टेडियम में किया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में कॉमनवेल्थ देशों के शीर्ष खिलाड़ी खिताब के लिए मुकाबला करेंगे। इस चैंपियनशिप में 25 से अधिक देशों के स्टार पैडलर्स अपनी चुनौती पेश करेंगे। प्रतियोगिता में इंग्लैंड, कनाडा, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, माल्टा, बोत्सवाना, जमैका, केन्या और त्रिनिदाद एवं टोबैगो समेत कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इससे टूर्नामेंट का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है। राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले 2 अगस्त को खेले जाएंगे।
खेलों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है दिल्ली सरकार: आशीष सूद
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर और ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद लगातार खिलाड़ियों, खेल पारिस्थितिकी तंत्र और राजधानी की खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य राजधानी को एक मजबूत खेल केंद्र के रूप में विकसित करना और युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष विवेक कोहली, शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक नितिन जिंदल, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, गणमान्य अतिथियों और खेल प्रेमियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन दिल्ली की खेल संस्कृति को नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
दिल्ली के खेल भविष्य के लिए नई सोच का प्रतीक
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल्ली के खेल भविष्य के लिए एक नई दृष्टि और नए संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब सिर्फ देश की राजधानी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि भारत की स्पोर्ट्स कैपिटल और भविष्य में एक वैश्विक खेल केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके लिए सरकार खेल अवसंरचना को मजबूत करने, अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की मेजबानी करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है।
25 देशों के शीर्ष खिलाड़ी दिखाएंगे दम
दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में 25 कॉमनवेल्थ देशों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली के लिए खेलों के क्षेत्र में एक नई और लंबी यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार राजधानी को भविष्य के बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार कर रही है। सरकार का लक्ष्य दिल्ली को ऐसी विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं से लैस करना है, जहां कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप और अन्य प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा सके।
दिल्ली में बनेंगे 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करना नहीं, बल्कि राजधानी में एक मजबूत और विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है। इसी उद्देश्य के तहत दिल्ली सरकार पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने जा रही है। उन्होंने बताया कि इन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस समेत विभिन्न प्रमुख खेलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, उच्चस्तरीय कोचिंग और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। आशीष सूद ने कहा कि ये सेंटर ऑफ एक्सीलेंस केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं होंगे, बल्कि दिल्ली की भावी खेल प्रतिभाओं को तैयार करने वाली मजबूत स्पोर्ट्स पाइपलाइन के रूप में कार्य करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

