अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच व्हाइट हाउस में अहम द्विपक्षीय बातचीत शुरू हो गई है। बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), अमेरिका-चीन संबंध, व्यापार और रणनीतिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा केंद्र में है। दोनों देशों के बीच प्रतिस्पर्धा के बावजूद बातचीत के जरिए तनाव कम करने पर जोर दिया जा रहा है।
AI पर जिनपिंग का बड़ा बयान
शी जिनपिंग ने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि AI का नियंत्रण हमेशा इंसानों के हाथ में रहे। अमेरिका और चीन के बीच AI को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है, लेकिन दोनों देश AI से जुड़े सुरक्षा जोखिमों पर संवाद की जरूरत भी मान रहे हैं। इससे पहले दोनों पक्षों के अधिकारियों के बीच AI घटनाओं की सूचना और संकट की स्थिति में संपर्क के लिए एक संभावित व्यवस्था पर चर्चा हुई है। ट्रम्प ने कहा कि AI का सही इस्तेमाल आने वाले कई दशकों तक शांति को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है।
जिनपिंग ने कहा- टकराव से बचें
बैठक में जिनपिंग ने अमेरिका और चीन से टकराव और संघर्ष से बचने की अपील की। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों के संदर्भ में ‘थ्यूसीडाइड्स ट्रैप’ का जिक्र किया। यह अवधारणा उस स्थिति को दर्शाती है, जब उभरती हुई शक्ति और मौजूदा प्रमुख शक्ति के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा से संघर्ष का खतरा पैदा होता है।
ट्रम्प बोले- अमेरिका और चीन दोस्त हैं
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और चीन दोस्त हैं और दोनों देशों के हित एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। यह बयान ऐसे समय आया है जब AI, उन्नत तकनीक, व्यापार और सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा जारी है।
ट्रम्प-जिनपिंग बैठक का टीवी पर लाइव प्रसारण नहीं
आमतौर पर ऐसी बड़ी बैठक की तस्वीरें टीवी पर लाइव दिखाई जाती हैं। लेकिन इस बार इस बैठक का लाइव प्रसारण नहीं हुआ । इसकी वजह व्हाइट हाउस और कुछ मीडिया संस्थानों के बीच चल रहा विवाद है। व्हाइट हाउस ने CNN, MS NOW और पॉलिटिको के पत्रकारों को कवरेज से रोक रखा है। मीडिया पहुंच को लेकर विवाद अब अदालत तक पहुंच चुका है और एक संघीय जज ने प्रशासन को इन संस्थानों की पहुंच बहाल करने का आदेश दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


