कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। कुशवाह समाज के हॉस्टल के भूमिपूजन कार्यक्रम में हुआ विवाद अब सियासी रंग ले चुका है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में काले झंडे दिखाए जाने के बाद दो गुटों में मारपीट और कुर्सियां फेंकने का वीडियो सामने आया था। अब प्रदेश सरकार के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह का बयान सामने आया है।
उन्होंने किसी का नाम लिए बिना प्रभावशाली नेताओं के इशारे पर युवाओं से काले झंडे दिखाने का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस ने इस विवाद को बीजेपी के भीतर चल रही गुटबाजी से जोड़ते हुए निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता राम पांडे ने आरोप लगाया कि बीजेपी में पुरानी बीजेपी और सिंधिया बीजेपी के बीच टकराव चल रहा है।
ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र के बेला की बावड़ी में कुशवाह समाज के हॉस्टल के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है।केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम में पहुंचने और संबोधन के दौरान कुछ युवाओं द्वारा काले झंडे दिखाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद विरोध करने वालों और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट के साथ कुर्सियां फेंके जाने का वीडियो सामने आया।विरोध करने वाले लोगों को स्थानीय सांसद भारत सिंह कुशवाह के समर्थक बताए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विवाद की पूरी वजह और सभी पक्षों की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
अब इस पूरे विवाद पर मंत्री नारायण सिंह कुशवाह का वीडियो बयान सामने आया है। मंत्री ने सीधे तौर पर किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारों-इशारों में प्रभावशाली नेताओं पर निशाना साधा,उन्होंने कहा कि कुछ प्रभावशाली नेताओं के बहकावे में आकर युवाओं ने काले झंडे दिखाने जैसा काम किया। मंत्री ने इस तरह की गतिविधि पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कुशवाह समाज किसी की जागीर नहीं है और ऊंचे पद पर बैठकर शक्ति का गलत इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।मंत्री के इस बयान को स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह की गैरमौजूदगी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, मंत्री ने अपने बयान में किसी नेता का नाम लेकर सीधा आरोप नहीं लगाया है।
विवाद के बाद कांग्रेस ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता राम पांडे ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के भीतर पुरानी बीजेपी और सिंधिया बीजेपी के बीच सिर फुटव्वल चल रहा है।राम पांडे ने इमरती देवी और पूर्व विधायक ममता मीना के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि बीजेपी के भीतर अलग-अलग गुटों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं। उनका आरोप है कि एक तरफ नेताओं के बीच सार्वजनिक मंचों पर विवाद और बयानबाजी हो रही है, तो दूसरी तरफ सिंधिया समर्थकों और सांसद भारत सिंह कुशवाह के समर्थकों के बीच मारपीट और कुर्सियां फेंकने जैसी घटना सामने आई है।कांग्रेस का दावा है कि इन घटनाओं से बीजेपी के भीतर गुटबाजी की स्थिति स्पष्ट होती है।हालांकि कांग्रेस के इन राजनीतिक आरोपों पर बीजेपी की ओर से प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
बहरहाल कुशवाह समाज के हॉस्टल के कार्यक्रम में हुए विवाद के बाद अब मामला सिर्फ मारपीट और काले झंडे दिखाए जाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्थानीय बीजेपी की अंदरूनी राजनीति और नेतृत्व के बीच संबंधों पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस विवाद की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



