शब्बीर अहमद, भोपाल। राज्यसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक की। विधायकों को एकजुट करने के लिए यह मीटिंग आयोजित की गई थी। कमलनाथ समेत 4 MLA बैठक में नहीं पहुंचे। बाला बच्चन ने बताया कि वह वर्चुअली शामिल हुए थे।

राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भी हुईं शामिल

शाम होते ही एक-एक कर सभी कांग्रेस दफ्तर में जुटने लगे। मीटिंग में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद रहे। राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भी इसका हिस्सा रहीं। इस दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। 

विधायकों से प्रस्तावक पर कराए गए हस्ताक्षर 

विधायक दल की बैठक के जरिए एकजुटता का संदेश दिया गया। कांग्रेस के पास 62 विधायक हैं और सीट जीतने के लिए उन्हें 58 विधायक की जरुरत है। बैठक से पहले विधायकों से प्रस्तावक पर हस्ताक्षर कराए गए।

उमंग सिंघार बोले- बीजेपी हॉर्स ट्रेडिंग के लिए मशहूर

बैठक से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी हॉर्स ट्रेडिंग के लिए मशहूर है। वे लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। कांग्रेस विधायक एकजुट हैं, कहीं कोई दिक्कत नहीं है। कुछ विधायक आज नहीं आते हैं तो भी वोटिंग वाले दिन सभी विधायक आएंगे। 

कमलनाथ समेत कई विधायक ऑनलाइन शामिल हुए

विधायक योगेंद्र सिंह बाबा दो दिन पहले एक्सीडेंट होने के चलते ऑनलाइन जुड़ेंगे। विधायक जयवर्धन सिंह,वीर सिंह भूरिया बैठक में शामिल नहीं हुए। कांग्रेस की इस बैठक में कमलनाथ वर्चुअल शामिल हुए। बता दें कि उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल पर भी अब तक मीनाक्षी नटराजन को बधाई नहीं दी है। 

59 विधायक बैठक में पहुंचे

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 63 में से 59 विधायक पहुंचे। कांग्रेस को राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 58 वोट की जरुरत है। कांग्रेस विधायक  बाला बच्चन ने बताया कि बैठक में कमलनाथ ऑनलाइन शामिल हुए।  

‘मीनाक्षी नटराजन को चुनाव जितवाकर हम राज्यसभा भेजेंगे’

वहीं बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोले- अगर बीजेपी तीसरा उम्मीदवार उतारती है तब भी हम चुनाव जीतेंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों ने विश्वास दिलाया। एकजुट के साथ हर परिस्थिति में हम राज्यसभा का चुनाव जीतेंगे। मीनाक्षी नटराजन को चुनाव जितवाकर हम राज्यसभा भेजेंगे।

विधायकों को संदेश- मीनाक्षी नटराजन नहीं पार्टी चुनाव लड़ रही

बैठक में विधायकों को संदेश दिया गया कि मीनाक्षी नटराजन नहीं पार्टी चुनाव लड़ रही है। विधायक पार्टी को देखकर वोट करें। सभी विधायकों से अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए भी कहा गया। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m