हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के वार्ड क्रमांक 65 और 66 में गहराए पानी संकट को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जूनी इंदौर थाने पहुंचे और “गुमशुदा पानी” को लेकर FIR दर्ज करने की मांग करते हुए थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा। जिला कांग्रेस सेवादल के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल और ब्लॉक क्रमांक 14 के अध्यक्ष गिरीश जोशी ने आरोप लगाया कि कई दिनों से क्षेत्र में नलों, टंकियों और पाइप लाइनों से पानी पूरी तरह गायब है।
भीषण गर्मी के बीच लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हो रहे हैं और मजबूरी में महंगे दामों पर निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम पर निशाना साधते हुए कहा कि जब घरों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा, तो फिर जलकर और पानी के बिल किस बात के वसूले जा रहे हैं। नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर शहर का पानी जा कहां रहा है।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने थाना प्रभारी अनिल गुप्ता को आवेदन देकर मांग की कि “गुमशुदा पानी” की FIR दर्ज कर मामले की जांच की जाए और पानी सप्लाई बाधित होने के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। साथ ही वार्ड 61, 65 और 66 में तत्काल नियमित जल आपूर्ति शुरू करने और प्रभावित नागरिकों को पानी के बिल एवं जलकर में राहत देने की मांग भी उठाई गई।

