हल्द्वानी के स्वराज आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में भवाली क्षेत्र के 70 से अधिक लोगों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की. नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया.
हल्द्वानी. स्वराज आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में भवाली क्षेत्र के 70 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ली. इनमें सामाजिक कार्यकर्ता शीलू कुमार की पत्नी और भवाली नगर पालिका की सभासद सपना कुमारी भी शामिल रहीं.
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने नए सदस्यों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया. उन्होंने कहा कि नए लोगों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी.
जनहित के मुद्दों पर सक्रियता
यशपाल आर्या ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर खुशी जताई.
कई नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत, वरिष्ठ नेता हरेंद्र बोरा और गणेश उपाध्याय मौजूद रहे. पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, पूर्व चेयरमैन हेमंत बगड़वाल समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया.



