शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। चुनाव में किसी भी तरह के भितरघात या ऐन वक्त पर होने वाले नुकसान से बचने के लिए पार्टी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह का एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने साफ किया है कि इस बार नामांकन और उम्मीदवारों के चयन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
जो जाने वाले थे चले गए, अब कोई नहीं हिलेगा
हाल के दिनों में चुनाव के आखिरी वक्त पर कांग्रेस उम्मीदवारों के पाला बदलने या नामांकन वापस लेने जैसी घटनाओं पर डॉ. गोविंद सिंह ने पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि दतिया उपचुनाव में मीनाक्षी नटराजन जैसा कोई भी घटनाक्रम नहीं दोहराया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया से लेकर स्क्रूटनी तक पूरी सावधानी रखी जाएगी। आखिरी समय में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा- “पार्टी से जो जाने वाले थे, वे चले गए हैं। अब कांग्रेस में ऐसा कोई नहीं बचा है जो जाने वाला हो।”
प्रत्याशी चयन पर जल्द होगा फैसला
डॉ. गोविंद सिंह ने दतिया सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के नाम को लेकर भी स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि पार्टी के पास इस सीट के लिए मजबूत विकल्प मौजूद हैं। दतिया उपचुनाव के लिए हमारे पास वर्तमान में तीन से चार योग्य उम्मीदवारों के नाम पैनल में हैं। इन पर आलाकमान विचार कर रहा है और जल्द ही अंतिम प्रत्याशी के नाम का फैसला कर लिया जाएगा।”
बीजेपी ने उतारा डमी प्रत्याशी
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने सत्ताधारी दल बीजेपी पर चुनाव को प्रभावित करने के लिए अनुचित रणनीति अपनाने का गंभीर आरोप लगाया है। डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दतिया में कांग्रेस के पारंपरिक वोटों में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी राजनीतिक लाभ लेने के लिए दामोदर यादव को पैसे देकर चुनावी मैदान में उतार रही है, ताकि कांग्रेस के वोटों को काटा जा सके और चुनाव को प्रभावित किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

