उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में रविवार को संगठन सृजन अभियान की शुरुआत हुई. अभियान के तहत लखनऊ में जिला और शहर अध्यक्ष पद के लिए संभावित चेहरों की तलाश के साथ विधानसभा और ब्लॉक स्तर तक संगठन की समीक्षा की जाएगी.
सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में रविवार को संगठन सृजन अभियान की शुरुआत के साथ कांग्रेस ने लखनऊ में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी चुनाव समिति की सदस्य एवं लखनऊ की एआईसीसी पर्यवेक्षक डॉ. अमी याज्ञनिक ने कहा कि अभियान का मकसद केवल पदाधिकारी चुनना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग से नए लोगों को जोड़कर पार्टी के भीतर नई नेतृत्व क्षमता तैयार करना है.
रविवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. अमी याज्ञनिक ने कहा कि संगठन सृजन अभियान पूरे देश में जिला और शहर अध्यक्षों के चयन के लिए चलाया जा रहा है. कांग्रेस के अधिवेशन में इस अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया था.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि संगठन में हर वर्ग और हर तबके की भागीदारी सुनिश्चित हो.
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और व्यापारियों सहित विभिन्न वर्गों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को समझा. अब इसी अनुभव को संगठन के स्तर पर लागू करते हुए ऐसे लोगों को आगे लाने की कोशिश है, जो समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं.
नए लोगों के लिए रास्ता
डॉ. याज्ञनिक ने कहा कि संगठन में पद के इच्छुक लोगों के लिए रास्ता खुला है. शिक्षक, वकील, चिकित्सक, व्यापारी समेत किसी भी वर्ग का व्यक्ति कांग्रेस से जुड़कर अपनी बात रख सकता है और संगठन में योगदान के लिए आवेदन कर सकता है.
उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सुना जाएगा और उनकी क्षमता व संगठन के प्रति योगदान के आधार पर नेतृत्व की जिम्मेदारी देने पर विचार किया जाएगा.
उन्होंने दावा किया कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से जमीनी स्तर से नई लीडरशिप उभरकर सामने आएगी. लखनऊ में संगठन को मजबूत बनाने के लिए उन्हें जिम्मेदारी मिली है और वह कांग्रेसजनों से सीधे संवाद कर संगठन की वास्तविक स्थिति को समझेंगी.
संगठन की होगी समीक्षा
वहीं, एआईसीसी चुनाव समिति के सदस्य एवं पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि डॉ. अमी याज्ञनिक लखनऊ में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अलग-अलग मुलाकात करेंगी. जिला एवं शहर अध्यक्ष पद के लिए संभावित चेहरों की तलाश के साथ ही विधानसभा और ब्लॉक स्तर तक संगठनात्मक ढांचे की भी समीक्षा की जाएगी.
पुनिया ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लखनऊ में कांग्रेस के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है. इसके तहत कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता को भी परखा जाएगा.
प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, जिलाध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू, शहर अध्यक्ष उत्तरी अमित श्रीवास्तव त्यागी, शहर अध्यक्ष दक्षिणी डॉ. शहजाद आलम और पीसीसी पर्यवेक्षक अतुल सिंह समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे.


