पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, कुलदीप शर्मा और चिरंजीव राव ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार को घेरा। नेताओं ने निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत का दावा किया।
धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर रेवाड़ी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के निवास पर आयोजित एक संयुक्त प्रेसवार्ता में कांग्रेस के तीन दिग्गज नेताओं कैप्टन अजय यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रेसवार्ता से पूर्व कैप्टन अजय यादव और चिरंजीव राव ने कांग्रेस की चेयरपर्सन प्रत्याशी नेहारिका चौधरी के समर्थन में सेक्टर-3 और कंपनी बाग में नुक्कड़ सभाएं कर जनता से वोट की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि इस बार रेवाड़ी की जनता बदलाव के मूड में है।
मुख्यमंत्री का आश्वासन और विकास की जीत
पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने एक महत्वपूर्ण खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रामगढ़ भगवानपुर के ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर पिछले 320 दिनों से धरने पर बैठे थे। चिरंजीव राव के अनुसार, उन्होंने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष ग्रामीणों की मांगों को प्रमुखता से रखा था। इस पैरवी के परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया और 2 मई को रेवाड़ी दौरे के दौरान आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज और खेल स्टेडियम जैसी परियोजनाओं की घोषणा की। चिरंजीव ने इसे जनता के संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं, लेकिन साथ ही केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत और विधायक लक्ष्मण यादव पर धरने से दूरी बनाने का आरोप भी लगाया।
ब्राह्मण समाज का अपमान और भ्रष्टाचार के आरोप
हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने भाजपा पर जातिगत राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने निकाय चुनाव में एक भी ब्राह्मण को पार्षद का टिकट न देकर पूरे समाज का अपमान किया है। उन्होंने दावा किया कि ब्राह्मण समाज इस अपमान का बदला मतदान के जरिए लेगा। वहीं, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने भाजपा को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि पार्टी अपने ही लोगों को निकालकर भ्रष्टाचार के आरोपों से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा इन आरोपों की एसआईटी (SIT) जांच कराएगी? कैप्टन ने कहा कि 11 साल में भाजपा ने कोई ठोस विकास नहीं किया और जनता अब केवल कांग्रेस पर विश्वास कर रही है।
नप चेयरपर्सन प्रत्याशी के लिए समर्थन की अपील
कांग्रेस नेताओं ने साझा तौर पर कहा कि कांग्रेस शासनकाल में रेवाड़ी में व्यापक विकास कार्य हुए थे, जबकि वर्तमान सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विश्वास जताया कि नगर परिषद चेयरपर्सन प्रत्याशी नेहारिका चौधरी भारी बहुमत से विजयी होंगी और रेवाड़ी नगर परिषद पर कांग्रेस का परचम लहराएगा। इस अवसर पर भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे, जिन्होंने चुनाव में जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया।

