कुमार इंदर, जबलपुर। शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया है। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, “समय रहते सुधर जाओ, नहीं तो जैसे बिजली गोल करते हो, जनता तुम्हें वैसे ही गोल कर देगी।”
बिजली कटौती से बढ़ा जल संकट, टंकियां खाली
प्रदर्शन के दौरान विधायक लखन घनघोरिया ने आरोप लगाया कि अघोषित बिजली कटौती ने शहर में दोहरी मुसीबत खड़ी कर दी है। लगातार बत्ती गुल रहने के कारण नगर निगम की पानी की टंकियां समय पर नहीं भर पा रही हैं, जिससे पूरे शहर में भारी जल संकट खड़ा हो गया है। जनता भीषण गर्मी में पानी और बिजली दोनों के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है।
‘स्मार्ट मीटर यानी स्मार्ट तरीके से डकैती’
बिजली बिलों और नए मीटरों पर हमला बोलते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा लगाए जा रहे ‘स्मार्ट मीटर’ कुछ और नहीं बल्कि जनता की जेब पर ‘स्मार्ट तरीके से डाका डालने’ का जरिया हैं। उन्होंने बिजली विभाग को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “यह विभाग सरकार के लिए सबसे ज्यादा कमाने वाला विभाग तो है ही, लेकिन साथ ही यह मध्य प्रदेश का सबसे भ्रष्ट विभाग भी बन चुका है। अपनी अवैध कमाई को चालू रखने के लिए विभाग के अधिकारी सालों-साल तक टेम्परेरी (अस्थायी) कनेक्शन चलाते रहते हैं और स्थाई कनेक्शन नहीं देते।”
अधिकारी और कर्मचारी दफ्तरों से नदारद, फोन भी बंद
कांग्रेस ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनता परेशान होकर बिजली दफ्तर पहुंचती है, तो वहां से कर्मचारी नदारद (गायब) मिलते हैं। जिम्मेदार बिजली अधिकारियों का रवैया इतना गैर-जिम्मेदाराना हो चुका है कि वे आम जनता तो दूर, जनप्रतिनिधियों के फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझते।

