पेपर लीक मामले में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी और बाकी कांग्रेस नेता लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस धरना प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में भी लिया है जिसमें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणदास चन्नी भी शामिल हैं। इस बीच राहुल और अन्य कांग्रेस नेताओं से मिलने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह पहुंचे हैं।

उन्हें सरकार की तरफ से प्रदर्शनकारी नेताओं से बातचीत कर स्थिति को संभालने के लिए भेजा गया हैं। वे लगातार राहुल गांधी को समझाते हुए दिखाई दिए हालांकि, राहुल लगातार अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और पीएम मोदी से मुलाकात करने की बात कह रहे हैं।

आधे घंटे चली बात

जानकारी के मुताबिक राहुल और केन्द्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के बीच आधे घंटे बातचीत चली जिसके बाद जितेंद्र सिंह मौके से रवाना हो गए। खबर है कि, राहुल और जितेंद्र सिंह की यह मुलाकात बेनतिजा ही रह गई।

प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे अरविंद केजरीवाल

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा, “मोदी जी के अपने बच्चे नहीं हैं, इसलिए उन्हें नहीं पता कि बच्चे होने का क्या मतलब होता है। ये सभी हमारे बच्चे हैं। बच्चों को पीटना सही नहीं है। छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की गई हैं। मैं छात्रों से कहना चाहता हूं कि वे डटे रहें। सबसे बड़े तानाशाह को भी जनता के सामने झुकना ही पड़ता है।”

90 छात्र हुए घायल

दिल्ली में हुए कल के प्रदर्शन में 90 छात्र घायल हुए हैं। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर है, जिसे आईसीयू में रखा गया है। घायल छात्रा की उम्र 20 साल है, जो दिल्ली के शिव विहार से है और वो कंप्यूटर का कोर्स करती है। जंतर मंतर में हुई भगदड़ में वो जमीन पर गिर गई थी। आज सुबह तक 79 छात्रों को डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि 9 छात्र बिना बताए अस्पताल से चले गए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m