रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस की एक रैली को संबोधित किया था। कांग्रेस ने कहा, रैली के बाद भाजपा के सहयोगी संगठनों एवं हिन्दू राइट विंग ने खड़गे के मंच का शुद्धीकरण किया। इसके विरोध में आज कांग्रेसियों ने राजीव गांधी चौक से बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालकर सत्याग्रह किया।
इस अवसर पर एआईसीसी महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि यह घटना बेहद आहत करने वाला और निंदनीय है। यह भाजपा की जातिगत भेदभाव, संकीर्ण मानसिकता और दलित विरोधी सोच को दर्शाती है। अगर भाजपा-RSS को दलितों से इतनी ही घृणा है तो ट्रेन, बस, हवाई यात्रा भी ना करें। भूपेश बघेल ने कहा कि न्यायपालिका से आग्रह है कि इस असंवैधानिक और अमानवीय कृत्य पर स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करें और दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

ईडी के खिलाफ तीसरे दिन कांग्रेस का धरना
ईडी द्वारा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का तीसरे दिन भी धरना जारी रहा। रायपुर शहर जिला एवं ग्रामीण जिला के तत्वाधान में आयोजित इस धरने में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। इस दौरान बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस का सीधा राजनैतिक मुकाबला नहीं कर पा रही तो वह ईडी को आगे करके अपना मंतव्य पूरा करना चाहती है।

केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही भाजपा : बघेल
भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर कांग्रेस की छवि खराब करने का षड़यंत्र रच रही है। ईडी बिना किसी प्रमाण के कांग्रेस के नाम का उल्लेख कर भाजपा के राजनैतिक उद्देश्यों को पूरा करने के काम में लगी है। ईडी की कार्रवाई भाजपा के राजनैतिक बदला निकालने की साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस नेता रामगोपाल की गिरफ्तारी भी ईडी और भाजपा की साजिशों का परिणाम है।
धरना प्रदर्शन में राजेंद्र तिवारी, सुशील आनंद शुक्ला ,श्रीकुमार शंकर मेनन, राजेंद्र पप्पू बंजारे, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, कुलदीप जुनेजा, प्रमोद चौबे, कन्हैया अग्रवाल, सुबोध हरितवाल, सुशील सनी अग्रवाल, डॉ राकेश गुप्ता, शिवसिंह ठाकुर, मोहम्मद असलम खान, सुनील कुकरेजा, सुंदर जोगी, नंद कुमार पटेल, जसवीर ढिल्लन, सोमेन चटर्जी, अविनय दुबे, प्रवीण चंद्राकर, दीपक चौबे, राज देवांगन, गौरी शंकर पांडे, ओम श्रीवास, सुजीत सिंह, मिलिंद गौतम, सुधा सरोज, डॉ अनुराम साहू, अंजुमन ढेबर, सुरेश जैन समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


