Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा में खाद (उर्वरक) की भारी किल्लत को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक तारा प्रसाद वाहिनीपति ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कृषि सीजन के दौरान खाद की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया और पर्याप्त स्टॉक होने के सरकारी दावों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
वैकल्पिक खाद के परामर्श पर उठाए सवाल
तारा प्रसाद वाहिनीपति ने कहा कि सरकार पहले बड़े-बड़े दावे कर रही थी कि राज्य में खाद की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। आज बाजार में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण सरकार अब खुद किसानों को यूरिया के बजाय अमोनियम सल्फेट का उपयोग करने की सलाह दे रही है। कृषि विभाग का यह नया निर्देश ही इस बात का सबसे बड़ा सबूत है कि राज्य में खाद का भारी संकट है।
सरकार पर तंज कसते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा:
“राज्य में चल रही यह डबल इंजन सरकार अब हमारे भोले-भाले किसानों से ‘डबल झूठ’ बोल रही है। अगर वाकई में खाद की कोई कमी नहीं थी, तो कृषि विभाग को किसानों को वैकल्पिक खाद का इस्तेमाल करने के लिए क्यों कहना पड़ रहा है?”
खाद की ‘राशनिंग’ करने का आरोप
कांग्रेस विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के कई जिलों में किसानों को उनकी जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल रही है, बल्कि उन्हें बेहद सीमित और नाप-तोल कर खाद बांटी जा रही है। खेती के इस मुख्य सीजन में समय पर खाद न मिलने के कारण किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तारा वाहिनीपति ने मांग की है कि सरकार झूठे स्पष्टीकरण देना बंद करे और किसानों को गुमराह करने के बजाय तुरंत उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था करे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


