विधानसभा चुनाव से पहले देहरादून की पांच सीटों पर कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है. कैंट और धर्मपुर सीट पर कई वरिष्ठ, युवा और महिला नेताओं के नाम चर्चा में हैं.

देहरादून. विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच देहरादून में कांग्रेस के भीतर टिकट की दावेदारी को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं. शहर की पांच विधानसभा सीटों पर कई नेता अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं और पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं.

बीते सोमवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर हुए मुख्यमंत्री आवास कूच में भी कई संभावित दावेदारों ने भीड़ जुटाकर अपनी सक्रियता दिखाई. इसके बाद टिकट वितरण को लेकर पार्टी के भीतर संभावित खींचतान की चर्चा तेज हो गई है.

देहरादून की लगभग सभी सीटों पर चार से पांच नाम चर्चा में हैं. इनमें पहले चुनाव लड़ चुके नेताओं के साथ ऐसे चेहरे भी शामिल हैं, जो पहली बार टिकट की दौड़ में हैं.

इस बार दावेदारों में युवा नेताओं की संख्या भी उल्लेखनीय है. ऐसे में कांग्रेस के सामने अनुभव, सक्रियता, सामाजिक समीकरण और संगठन में पकड़ के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी.

कैंट में कई दावेदार

कैंट विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भीतर सबसे ज्यादा खींचतान के आसार नजर आ रहे हैं. वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना एक बार फिर टिकट की दौड़ में हैं, जबकि पूर्व महानगर अध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं.

प्रदेश प्रवक्ता और इंटरनेट मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने भी क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ाई है. महानगर अध्यक्ष डा. जसविंदर गोगी का नाम भी टिकट के दावेदारों में शामिल है.

धर्मपुर में युवा चेहरे

धर्मपुर विधानसभा सीट पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव और युवा नेता वैभव वालिया भी क्षेत्रीय मुद्दों को उठाकर अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं.

इनके अलावा संदीप चमोली, हरि प्रसाद भट्ट और याकूब सिद्दीकी के नाम भी धर्मपुर सीट के लिए चर्चा में हैं.

रायपुर में नई दावेदारी

रायपुर विधानसभा सीट पर पिछली बार कांग्रेस प्रत्याशी रहे दिवंगत हीरा सिंह बिष्ट की पुत्री विभा बिष्ट का नाम तेजी से सामने आया है. कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के उनके घर पहुंचने के बाद उनकी दावेदारी को लेकर चर्चाएं और बढ़ गई हैं.

रायपुर सीट पर महेंद्र सिंह नेगी गुरुजी, विनीत प्रसाद भट्ट बंटू, प्रवीण त्यागी टीटू और सूरत सिंह नेगी भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं.

राजपुर में पुराने चेहरे

राजपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार फिर टिकट की दौड़ में हैं. कांग्रेस सचिव संजय कन्नौजिया, अर्जुन सोनकर और मदनलाल भी क्षेत्र में सक्रिय हैं.

मसूरी में कई नाम

मसूरी विधानसभा सीट पर प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, उनके पति उपेंद्र थापली, सोनिया आनंद, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और कांग्रेस पार्षद सोमेंद्र सिंह बोहरा दावेदारों में शामिल हैं.

देहरादून की पांचों सीटों पर बढ़ती दावेदारी ने कांग्रेस के सामने टिकट चयन की चुनौती बढ़ा दी है. पार्टी नेतृत्व को दावेदारों की सक्रियता के साथ स्थानीय समीकरण, संगठन में स्वीकार्यता और चुनावी जीत की संभावनाओं को भी ध्यान में रखना होगा.