० मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल, सीईओ बोले- 5 अगस्त को तय कार्यक्रम के अनुसार प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
रांची। झारखंड में चल रहे मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समयसीमा बढ़ाने की कांग्रेस की मांग चुनाव आयोग ने खारिज कर दी है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात कर गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के मीडिया संयोजक किशोरनाथ शाहदेव, नेता सूर्यकांत शुक्ला, सुनील सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सावन माह और श्रावणी मेले के कारण संथाल परगना सहित कई जिलों में लोग व्यस्त हैं, इसलिए गणना प्रपत्र भरने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए।
40 लाख नाम ASDD सूची में होने पर जताई चिंता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि ASDD सूची में करीब 40 लाख मतदाताओं के नाम होना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सुविधा को देखते हुए समयसीमा बढ़ाना आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
सीईओ बोले- तय कार्यक्रम में नहीं होगा बदलाव
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र जमा करने की 29 जुलाई की अंतिम तिथि में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित होगा।
हालांकि उन्होंने कहा कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद आपत्तियां और दावे दर्ज कराने की अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है, लेकिन गणना प्रपत्र जमा करने की समयसीमा यथावत रहेगी।
देवघर-दुमका के प्रस्ताव पर आयोग करेगा विचार
सीईओ ने बताया कि श्रावणी मेले को देखते हुए यदि देवघर और दुमका जिलों से प्रस्ताव प्राप्त होता है तो उसे चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपना गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें, ताकि उनका नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल हो सके।


